SGSU Advertisement
Home राजनीति सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों...

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली एकता की शपथ

0
7

गौतमबुद्धनगर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार ने सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान एडीएम अजीत कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही देशवासियों के बीच आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी शपथ ली कि सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण से स्थापित एकता की भावना को सदैव बनाए रखेंगे। इसके साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और राष्ट्र की एकता को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

एडीएम अजीत कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराने का अवसर भी है। सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देशसेवा, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। देश की आजादी के बाद विभिन्न रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के कारण उन्हें लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है। उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव याद किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें तथा समाज में राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाएं। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करने के साथ ही देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करना रहा।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीएम