मुंबई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता, डांसर और अपने आकर्षक लुक के लिए पहचाने जाने वाले ईशान खट्टर इस रविवार अपना 31वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। इस खास मौके पर आइए हम आपको उनकी शिक्षा से लेकर उनके एक्टिंग सफर के बारे में बताते हैं।
ईशान खट्टर का जन्म 1 नवंबर 1995 को मुंबई के एक समृद्ध और लोकप्रिय अभिनेता राजेश खट्टर के घर में हुआ था। उनकी मां का नाम नीलिमा अजीम हैं, जो कि एक अभिनेत्री हैं। ईशान बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर के सौतेले भाई हैं।
अभिनेता के शैक्षणिक योग्यता की बात करें, तो उन्होंने अपनी स्कूलिंग मुंबई के ‘जमनाबाई नरसी स्कूल’ और ‘बिलाबॉन्ग हाई इंटरनेशनल स्कूल’ से पूरी की। इसके बाद उन्होंने मुंबई के ही ‘आरआईएमएस इंटरनेशनल स्कूल एंड जूनियर कॉलेज’ से ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त ईशान एक ट्रेंड डांसर भी हैं।
ईशान ने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत बतौर बाल कलाकार वर्ष 2025 में आई फिल्म ‘वाह! लाइफ हो तो ऐसी’ से की। इसके बाद उन्होंने मुख्य अभिनेता के तौर में अपना एक्टिंग सफर 2017 में फिल्म ‘बियॉन्ड द क्लाउड्स’ से किया, जिसके बेहतरीन एक्टिंग के लिए उन्हें ‘फिल्मफेयर अवार्ड फॉर बेस्ट मेल डेब्यू’ से सम्मानित किया गया।
इसके बाद अभिनेता ने कई फिल्मों में काम किया है। ईशान खट्टर की फिल्मों की बात करें, तो उनमें ‘उड़ता पंजाब’, ‘धड़क’, ‘खाली पीली’, ‘फोन भूत’, ‘पिप्पा’, ‘फुरसत’ और ‘होमबाउंड’ शामिल हैं। अभिनेता ने फिल्मों के अलावा कई वेबसीरीज और शोज भी काम किए हैं, जिनमें ‘ए सूटेबल बॉय’, ‘द परफेक्ट’ और ‘द रॉयल्स’ शामिल हैं।
ईशान के एक्टिंग करियर में वर्ष 2018 में अभिनेत्री जान्हवी कपूर के साथ आई फिल्म ‘धड़क’ उनकी पहली बड़ी कमर्शियल हिट रोमांटिक ड्रामा फिल्म रही। वहीं, उनकी फिल्म ‘होमबाउंड’ को कान्स फिल्म फेस्टिवल में काफी सराहना मिली।

