गढ़वा, 1 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के गढ़वा में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। वहीं, आम लोगों से भी छठ घाटों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।
गढ़वा शहर के दानरो नदी स्थित विभिन्न छठ घाटों पर लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शनिवार को उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने स्टूडेंट्स क्लब, फ्रेंड्स क्लब, जय देवी संघ, टी. ग्रुप, सूर्या क्लब, दीपूवां, सहिजना और कल्याणपुर सहित कई छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सभी घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई जल्द पूरी कराने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, साज-सज्जा और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
डीसी ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। नदी और तालाबों में डूबने जैसी अनहोनी से बचाव के लिए गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को दिया। उपायुक्त ने जिले के सभी अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में छठ घाटों का निरीक्षण कर सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
गढ़वा उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि छठ पर्व महान भक्ति और श्रद्धा का पर्व है। हम लोग नदी-नालों के घाट पर ये पर्व बनाते हैं। ऐसे में हमारी जिला प्रशासन से यह अपेक्षा रहती है कि वो हमारे श्रद्धालुओं के लिए एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार करके दे कि उनको कोई असुविधा न हो। नदी-नालों के आसपास गंदगी न हो। सेवा में लगे अधिकारियों के यह निर्देश दिया गया है घाटों के आसपास किसी तरह की कोई गंदगी न हो। हमारा पूरा प्रयास है कि हम श्रद्धालुओं को पूरा भक्तिमय माहौल बनाकर दें ताकि उनको पूजा-अर्चना में किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो।
नगर परिषद की ओर से छठ घाटों पर सफाई अभियान, कचरा उठाव और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर नगर परिषद के अध्यक्ष ने कहा की नगर परिषद की ओर से सभी क्लब को साफ सफाई के लिए मशीनरी से लेकर मैन पावर तक दिया जाता है।

