SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ओहियो में वेंस ने रामास्वामी का किया प्रचार, पोल में 6 पॉइंट...

ओहियो में वेंस ने रामास्वामी का किया प्रचार, पोल में 6 पॉइंट से पीछे चल रहे भारतीय मूल के उम्मीदवार

0
6

वाशिंगटन, 3 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यावधि चुनावों से ठीक पहले, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने गृह राज्य ओहियो लौट आए हैं। यहां उन्होंने भारतीय मूल के अमेरिकी और रिपब्लिकन विवेक रामास्वामी के समर्थन में प्रचार किया। न्यूयॉर्क टाइम्स/सिएना के एक ताजा पोल के अनुसार, गवर्नर पद की दौड़ में रामास्वामी, डेमोक्रेट एमी एक्टन के मुकाबले छह अंकों से पीछे चल रहे हैं।

सिएना रिसर्च इंस्टीट्यूट की ओर से किए गए सर्वेक्षण में, एक्टन को 49 प्रतिशत और रामास्वामी को 43 प्रतिशत समर्थन मिला है। अमेरिकी सीनेट के विशेष चुनाव में, डेमोक्रेट शेरोड ब्राउन, रिपब्लिकन सीनेटर जॉन हस्टेड से 49 प्रतिशत बनाम 44 प्रतिशत से आगे हैं। ओहियो में इस सर्वेक्षण का मार्जिन ऑफ एरर (त्रुटि की गुंजाइश) 4.4 प्रतिशत अंक है।

संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉन लेवी ने कहा, “ओहियो में काफी चर्चा बटोरने वाली इस चुनावी दौड़ में, रामास्वामी से एक्टन छह प्रतिशत अंकों से आगे हैं।”

22 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच हुए पिछले ‘टाइम्स/सिएना ओहियो’ सर्वेक्षण में एक्टन 49 प्रतिशत बनाम 45 प्रतिशत से आगे थे, जिससे पता चलता है कि अंतिम महीने में रामास्वामी की स्थिति कमजोर हुई है।

सोमवार को स्वान्टन के टोलेडो एक्सप्रेस एयरपोर्ट पर एक हैंगर में आयोजित रैली में वेंस मुख्य वक्ता थे, जिसमें रामास्वामी और हस्टेड भी शामिल हुए।

वेंस ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो क्लिप पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा, “मेरा पालन-पोषण ओहियो में ही एक यूनियन स्टील वर्कर ने किया था—एक ऐसे व्यक्ति ने जिसने जीवन भर डेमोक्रेट्स को वोट दिया। लेकिन आज के डेमोक्रेट्स, कुछ दशक पहले के डेमोक्रेट्स से बिल्कुल अलग हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “वे अब कहीं अधिक कट्टर हो गए हैं, अपराध और दक्षिणी सीमा के मुद्दे पर कमजोर हैं, समाजवादी विचारधारा की ओर ज्यादा झुके हुए हैं, और ओहियो के लिए पूरी तरह से गलत विकल्प हैं।”

वेंस ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, “अगर आप ऐसे चुने हुए नेता चाहते हैं जो श्रमिकों के लिए लड़ें, कम टैक्स का समर्थन करें और व्यावहारिक मूल्यों के लिए खड़े हों, तो कल बाहर निकलें और विवेक रामास्वामी और जॉन हस्टेड को अपना वोट दें।”

‘एक्स’ पर रिपब्लिकन पार्टी के अकाउंट से रामास्वामी का एक वीडियो क्लिप पोस्ट किया गया, जिसमें वे लोगों से मुखातिब हैं। वो कह रहे हैं: “मैं इस राज्य को कभी नहीं छोड़ूंगा, मैं हमेशा आपके लिए लड़ूंगा। हम आपके बेहतर जीवन के लिए लड़ेंगे, खर्च कम करने के लिए लड़ेंगे, आपकी कमाई (पेचेक) बढ़ाने के लिए लड़ेंगे, और आपकी सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए लड़ेंगे।”

बाद में, रामास्वामी ने अपनी अंतिम चुनावी अपील क्लीवलैंड में की। उन्होंने पोस्ट किया, “हम आपके प्रॉपर्टी टैक्स और बिजली के बिलों में भारी कटौती करेंगे, और अपराध को पूरी तरह खत्म कर देंगे—चाहे आप किसी भी पार्टी के हों या किसी को भी वोट दें।”

उन्होंने सिनसिनाटी में भीड़ और पुलिस के बीच सप्ताहांत पर हुई झड़प को लेकर भी एक्टन पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “एमी एक्टन ने हमारे कानून लागू करने वाले अधिकारियों की तुलना केकेके से की है। अगर वह चुनी जाती है, तो पूरे ओहियो में क्या आगे होने वाला है, यह तो बस उसकी एक झलक है।”

2006 के बाद से ओहियो में कोई डेमोक्रेटिक गवर्नर नहीं चुना गया है।