शिवपुरी, 12 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में सिंध नदी पर नवनिर्मित भड़ौता पुल को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने साथी जनप्रतिनिधियों के साथ पुल पर पैदल चलकर उसका अवलोकन किया। पुल के समीप खेत में कार्य कर रहे एक किसान भाई से आत्मीय संवाद कर उन्होंने खेती-किसानी के अनुभव भी जाने। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाय) के अंतर्गत 30.48 करोड़ की लागत से निर्मित पुल क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कुल 38.92 करोड़ की विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। सिंध नदी पर निर्मित लगभग 570 मीटर लंबा यह पुल अपने एप्रोच मार्गों सहित करीब 1,200 मीटर लंबा है। इसके शुरू होने से रन्नौद, सिंघारई माता मंदिर सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों से नदी के कारण आवागमन में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने में यह पुल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस पुल से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संस्थानों, बाजारों और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। यह पुल केवल दो क्षेत्रों को जोड़ने वाला निर्माण नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के लिए विकास, सुविधा और संभावनाओं का नया मार्ग बनेगा। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भड़ौता पुल क्षेत्र के हजारों लोगों के दैनिक जीवन को सुगम बनाने के साथ कोलारस की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति को भी नई गति देगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से देश के ग्रामीण क्षेत्रों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने का निरंतर कार्य हो रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति और अंतिम गांव तक पहुंचे। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस दौरान कोलारस क्षेत्र में कुल 38.92 करोड़ की विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें पीएमजीएसवाय के अंतर्गत 30.48 करोड़ की लागत से निर्मित 7.35 किलोमीटर लंबे कोलारस-रन्नौद मार्ग का लोकार्पण तथा दो सड़क परियोजनाओं और एक पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन शामिल है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से कोलारस विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सिंध नदी पर नवनिर्मित भड़ौता पुल के लोकार्पण के बाद जनप्रतिनिधियों के साथ पुल का अवलोकन किया। इस दौरान उनकी मुलाकात खेत में काम कर रहे एक किसान से हुई। सिंधिया ने आत्मीयता से उनका हाल जाना और पुल बनने से क्षेत्र को मिलने वाली सुविधा पर संवाद किया।
