SGSU Advertisement
Home राजनीति गुलाम नबी आजाद ने किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या और कुलगाम...

गुलाम नबी आजाद ने किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या और कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हमले की निंदा की

0
2

जम्मू, 12 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने किश्तवाड़ में दो एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारियों) की बेरहमी से की गई हत्या और कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। आजाद ने कहा कि आतंकवाद की ऐसी घटनाएं बेहद परेशान करने वाली हैं। जो लोग इस तरह की हिंसा में शामिल हैं, वे शांति और इंसानियत के दुश्मन हैं और इलाके के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने पर तुले हुए हैं।

गुलाम नबी आजाद ने सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से अपील की कि वे आतंकवादी तत्वों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई करें और आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले या उसमें मदद करने वाले नेटवर्क को खत्म करें। उन्होंने सभी से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने और स्थायी शांति के लिए मिलकर काम करने का भी आग्रह किया।

मारे गए एसपीओ के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए गुलाम नबी आजाद ने प्रार्थना की कि उन्हें इस कभी न भर पाने वाले नुकसान को सहने की हिम्मत और ताकत मिले। उन्होंने सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।

दरअसल, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर हुए हमले के बाद इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस हमले में अज्ञात हमलावर सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग के बाद फरार हो गए थे। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए।

कुलगाम में हमले के दूसरे दिन गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों ने जगह-जगह तलाशी ली। साथ ही आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। वाहन चालकों और यात्रियों के दस्तावेज चेक किए जा रहे हैं।

सीआरपीएफ के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2.15 बजे कुलगाम जिले में एक नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी की थी। हमला इतना अचानक हुआ कि जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला। हमलावर फायरिंग के बाद फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। यह सीआरपीएफ पार्टी पर हमला था और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

उधर, किश्तवाड़ जिले के मरवाह इलाके में कई घंटों के सर्च ऑपरेशन के बाद लापता दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव बरामद हुए हैं। दोनों एसपीओ की राइफलें भी गायब मिलीं।