नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुजरात के प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर में प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री का अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। हालांकि, इसके पीछे के कारणों की जानकारी नहीं दी गई है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी थीं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारी की गई थी। इसी बीच कार्यक्रम रद्द होने की सूचना सामने आई, जिसके बाद प्रशासन ने निर्धारित व्यवस्थाओं में बदलाव शुरू कर दिया।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर जाने वाले थे। जारी कार्यक्रम के अनुसार, 13 नवंबर को वह कर्नाटक में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने वाले हैं।
इसके बाद 14 नवंबर को बनासकांठा जिले स्थित प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। अंबाजी मंदिर देश के 51 प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है और यह लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
हालांकि, प्रधानमंत्री के कर्नाटक में निर्धारित कार्यक्रमों और विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में फिलहाल किसी बदलाव की जानकारी नहीं दी गई है। केवल अंबाजी मंदिर में उनके दर्शन और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम रद्द किया गया है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
13 नवंबर की सुबह करीब 10:45 बजे प्रधानमंत्री बेंगलुरु स्थित प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। प्रशांति कुटीरम, स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यासा) का मुख्य परिसर है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक का शिलान्यास करेंगे और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यासा के नए ऑफ-कैंपस केंद्र का शुभारंभ करेंगे। यह समारोह 13 से 23 नवंबर तक ‘विकसित भारत 2047’ थीम पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ विचारक और पूर्व सरकार्यवाह एच.वी. शेषाद्रि की जन्मशती भी मनाई जाएगी। दोपहर करीब 12:45 बजे प्रधानमंत्री तवारेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो यात्रा करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:15 बजे वह 15,600 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही अन्य कार्यक्रमोंं में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री गुजरात के लिए रवाना होंगे।
