SGSU Advertisement
Home राजनीति आजम खान को डासना जेल से अज्ञात स्थान ले जाने की खबर...

आजम खान को डासना जेल से अज्ञात स्थान ले जाने की खबर पर अखिलेश ने जताई चिंता, बोले-सुरक्षा का पूरा ध्यान रखे प्रशासन

0
1

लखनऊ, 12 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाए जाने की खबर के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पर चिंता जताई है।

समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा गया, “आजम खान साहब को प्रशासन द्वारा गाजियाबाद की डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है। ये प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। कोई भी लापरवाही न बरती जाए।”

वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इसी तरह का संदेश लिखा। उन्होंने कहा, “ये समाचार मिला है कि आदरणीय आजम खान साहब को प्रशासन द्वारा गाजियाबाद की डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है। ये प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए, कोई भी लापरवाही न बरती जाए।”

सपा का कहना है कि आजम खान की उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए प्रशासन को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। इससे पहले समाजवादी पार्टी नेता आजम खान की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की गिरफ्तारी के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने के निर्देश दिए थे।

जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद ईडी की गिरफ्तारी को आजम खान ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने आजम खान की याचिका पर सुनवाई की थी।

सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान की याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट से 16 नवंबर को सुनवाई करने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने रजिस्ट्री को आदेश दिया कि इस मामले के सभी रिकॉर्ड इलाहाबाद हाईकोर्ट को दो दिनों के भीतर ट्रांसफर कर दें।

आजम खान के वकील कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि आजम खान पर 28 मामले दर्ज हैं। एक मनी लॉन्ड्रिंग का भी मामला है। यह सरासर उत्पीड़न है। 2006 की किसी घटना के लिए 2019 में एफआईआर दर्ज की गई, अब वो सत्ता में भी नहीं है, कोई एफआईआर कैसे दर्ज कर सकता है? आजम खान की उम्र 80 साल है। उन्हें जमानत दी जाए। कपिल सिब्बल ने कहा कि अगर ऐसा ही रहा तो वो जेल में ही मर जाएंगे।