कटिहार, 13 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच बिहार के कटिहार जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। मनिहारी फोरलेन पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े बालू से लदे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में दंपती समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार के बैगना निवासी एक परिवार अपने कुछ पड़ोसियों के साथ छठ महापर्व के पावन अवसर पर गंगा स्नान करने के लिए मनिहारी जा रहा था। रास्ते में मनिहारी फोरलेन पर चालक ने तेज रफ्तार कार पर नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे बालू से लदे खड़े ट्रक में जा घुसी। इस भीषण हादसे में शंभू सिंह (68), उषा सिंह (64), पत्नी शंभू सिंह और मंजू रानी शाह की मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो लोगों की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। त्योहार के माहौल में एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से पूरे बैगना इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बैगना निवासी सुबोध सिंह ने बताया, “पूरा परिवार सुबह गंगा स्नान के लिए निकला था। परिवार में पति-पत्नी, पड़ोसी, एक पोता, पोती, नाती और ड्राइवर शामिल थे। सभी लोग सुबह करीब 4 बजे अपनी गाड़ी से निकले थे। हम लोग सोए हुए थे, तभी हादसे की खबर मिली। खबर मिलते ही हम लोग भागते हुए मनिहारी की ओर जा रहे थे। रास्ते में एंबुलेंस शव लेकर आती दिखी, तो हम आधे रास्ते से ही लौटकर सदर अस्पताल आ गए। यहां आकर देखा तो सभी की मौत हो चुकी थी। हादसा ड्राइवर की गलती से हुआ। वहां एक ट्रक खड़ा था, जिसमें जाकर गाड़ी ने टक्कर मार दी। मृतक के तीन बेटे हैं, जिनमें से दो बाहर रहते हैं। अब उन्हें हवाई जहाज का टिकट भी नहीं मिल रहा है, वे कैसे आएंगे, समझ नहीं आ रहा है। यह बहुत ही दुखद घटना है।”
परिजन विष्णु सिंह ने बताया कि उनके माता-पिता और मोहल्ले के लोग हर साल की तरह इस साल भी गंगा स्नान के लिए मनिहारी जा रहे थे। नारायणपुर से पहले हाईवे पर एक गाड़ी पहले से खड़ी थी, जिससे कार टकरा गई।
विष्णु सिंह ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बाद भी पीड़ितों की सांस चल रही थी, उन्हें बचाया जा सकता था। कई बार प्रशासन और एंबुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन न प्रशासन पहुंचा और न ही एंबुलेंस आई। इसी लापरवाही के कारण तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में उनके पिता शंभू नाथ सिंह, मां उषा देवी सिंह और मोहल्ले की मंजू रानी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गाड़ी में ड्राइवर समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे में ड्राइवर समेत तीन लोग बच गए। इनमें ड्राइवर, पांच साल की एक बच्ची और 15 साल का भांजा शामिल है।
