बेंगलुरु, 13 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बेंगलुरु पहुंचने पर राज्य की राज्यपाल सुधा यादव और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। पीएम मोदी शुक्रवार को बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पण, आधारशिला और झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बेंगलुरु पहुंचने पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया स्वागत। प्रधानमंत्री आज कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।”
वहीं, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “कर्नाटक आगमन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यपाल सुधा यादव का हार्दिक स्वागत किया गया।”
पीएम मोदी बेंगलुरु में ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। वे इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 12.45 बजे तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो को झंडी दिखाएंगे और उसमें सफर करेंगे।
दोपहर लगभग 1:15 बजे प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये परियोजनाएं शहरी परिवहन आवागमन, विद्युत पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम अवसंरचना, अपशिष्ट प्रबंधन और रेलवे सहित प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं। वे इस अवसर पर जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
इसके बाद पीएम मोदी मैसूरु जाएंगे, जहां दोपहर लगभग 3.30 बजे वे कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (आईआईए) की ओर से विकसित यह देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल है। इसे खगोल विज्ञान शिक्षा व प्रशिक्षण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है। यह तारामंडल मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित है।
स्काई थिएटर में पेशेवर तौर पर निर्मित खगोल विज्ञान कार्यक्रमों के साथ ही मैसूरु के इतिहास और खगोल विज्ञान के बीच के संबंधों को तलाशने वाली एक इन-हाउस निर्मित फिल्म भी दिखाई जाएगी। ये शो कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी में उपलब्ध होंगे। वे इस अवसर पर जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
