SGSU Advertisement
Home राजनीति फैजान अंसारी ने कीर्ति आजाद के खिलाफ दी शिकायत, कहा- धार्मिक भावनाएं...

फैजान अंसारी ने कीर्ति आजाद के खिलाफ दी शिकायत, कहा- धार्मिक भावनाएं हुईं आहत

0
3

मुंबई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमससी) सांसद कीर्ति आजाद के खिलाफ भगवान श्रीराम को लेकर कथित तौर पर की गई टिप्पणी के मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता फैजान अंसारी ने मुंबई पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर कीर्ति आजाद के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम को लेकर इस्तेमाल की गई कथित भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती और इस मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

फैजान अंसारी ने कहा कि कीर्ति आजाद की ओर से भगवान श्रीराम को लेकर की गई कथित टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में इस तरह की भाषा पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी धर्म और उसके आराध्य के प्रति सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। अंसारी ने यह स्पष्ट किया कि वह स्वयं मुस्लिम समुदाय से हैं, लेकिन इसके बावजूद हिंदू समाज और उसकी धार्मिक मान्यताओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को दूसरे धर्म के धार्मिक विश्वासों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

फैजान अंसारी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को चेतावनी देते हुए कहा कि कीर्ति आजाद को अब तक दिए गए सम्मान और पद वापस लिए जाएं। अंसारी ने कहा कि यदि इस मांग पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वह बीसीसीआई के खिलाफ भी आंदोलन करेंगे।

शिकायतकर्ता ने कीर्ति आजाद से पूरे हिंदू समाज से माफी मांगने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि यदि कीर्ति आजाद माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

फैजान अंसारी ने मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में कीर्ति आजाद के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि शिकायत पर उचित कार्रवाई की जाए और मामले की जांच की जाए। साथ ही उन्होंने दोहराया कि भगवान श्रीराम को लेकर कथित टिप्पणी के मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।