SGSU Advertisement
Home खेल आईएलटी20: एमआई एमिरेट्स ने कीरोन पोलार्ड को वाइल्डकार्ड साइनिंग के तौर पर...

आईएलटी20: एमआई एमिरेट्स ने कीरोन पोलार्ड को वाइल्डकार्ड साइनिंग के तौर पर चुना

0
1

दुबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। एमआई एमिरेट्स ने शनिवार को आईएलटी20 के आने वाले सीजन के लिए कीरोन पोलार्ड को अपनी वाइल्डकार्ड साइनिंग के तौर पर साइन किया। पोलार्ड 2023 से ही इस टीम का हिस्सा रहे हैं।

एमआई एमिरेट्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “वाइल्डकार्ड। लॉक्ड। पोली घर आ रहे हैं।”

पिछले सीजन में भी पोलार्ड को लीग की पहली नीलामी के बाद निकोलस पूरन के साथ वाइल्डकार्ड प्लेयर के तौर पर लाया गया था। पिछले सीजन में, एमआई एमिरेट्स ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंच गई थी, लेकिन फाइनल में डेजर्ट वाइपर्स से हार गई।

पोलार्ड के होने से निश्चित रूप से एमआई एमिरेट्स की बल्लेबाजी सुदृढ़ होगी। टी20 क्रिकेट में कीरोन पोलार्ड का नाम सर्वाधिक सफल बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर है। पोलार्ड ने कुल 754 मैचों में 31.71 की औसत और 150.92 की स्ट्राइक रेट से 14,999 रन बनाए हैं। 63 रन और बनाते ही पोलार्ड इंग्लैंड के जोस बटलर को पीछे छोड़ते हुए सबसे सफल बल्लेबाज बन जाएंगे।

एमआई का हेड कोच बनने के बाद पोलार्ड ने नवंबर की शुरुआत में मेन्स हंड्रेड में एमआई लंदन के हेड कोच का पद छोड़ दिया था और एसए20 में जोबर्ग सुपर किंग्स (जेएसके) के साथ अपने प्लेइंग कॉन्ट्रैक्ट से भी अलह हो गए।

एमआई एमिरेट्स में, पोलार्ड हेड कोच मार्क बाउचर के अंडर खेलेंगे। बाउचर ने बतौर कोच भारत के पूर्व ऑल-राउंडर रॉबिन सिंह की जगह ली है। आईएलटी20 का अगला सीजन 21 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 तक शारजाह, दुबई और अबू धाबी में खेला जाएगा।

पोलार्ड का एमआई ग्रुप के साथ बहुत ही पुराना संबंध है। वह सबसे पहले 2010 में आईपीएल की मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ जुड़े और इस टीम के साथ 2022 तक बतौर खिलाड़ी रहे। इस दौरान एमआई ने 5 खिताब जीते। इसके बाद टीम के बल्लेबाजी कोच बन गए। आईपीएल 2027 के लिए उन्हें एमआई ने हेड कोच नियुक्त किया है।