गाजियाबाद, 14 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुबह-शाम के व्यस्त समय में यात्रा को और तेज व सुविधाजनक बनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) 16 नवंबर 2026 से नमो भारत की फास्ट ट्रेनें शुरू करने जा रहा है।
इन ट्रेनों की खासियत यह होगी कि ये कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी, बल्कि केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेंगी। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में पहले के मुकाबले काफी कम समय लगेगा। नई व्यवस्था के तहत यात्री आनंद विहार से गाजियाबाद की दूरी महज 8 मिनट में तय कर सकेंगे। वहीं, गाजियाबाद से बेगमपुल पहुंचने में 28 मिनट और आनंद विहार से बेगमपुल तक का सफर केवल 36 मिनट में पूरा होगा। इसके अलावा सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरे कॉरिडोर की यात्रा 50 मिनट से भी कम समय में पूरी की जा सकेगी।
एनसीआरटीसी की इस पहल से दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच रोजाना आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। एनसीआरटीसी के अनुसार, सुबह और शाम के व्यस्त समय में दोनों दिशाओं में दो-दो फास्ट ट्रेनें चलाई जाएंगी। सुबह के समय सराय काले खां से मोदीपुरम और मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए ट्रेनें सुबह 8 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी। इसी तरह शाम के पीक आवर्स में दोनों दिशाओं में शाम 6 बजे और 6:30 बजे फास्ट ट्रेनें संचालित की जाएंगी।
इस तरह सुबह और शाम मिलाकर कुल आठ अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें यात्रियों को उपलब्ध होंगी। ये ट्रेनें मौजूदा नियमित नमो भारत सेवाओं के अतिरिक्त चलाई जाएंगी। इसका मतलब है कि यात्रियों को नियमित ट्रेनों की सुविधा पहले की तरह मिलती रहेगी। नियमित नमो भारत ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार प्रत्येक 10 मिनट में उपलब्ध रहेंगी। फास्ट ट्रेनों का संचालन सीमित स्टॉपेज के आधार पर किया जाएगा। इनका ठहराव कॉरिडोर के केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर होगा।
इनमें सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। कम स्टॉपेज होने से ट्रेन बार-बार नहीं रुकेगी और यात्रियों का कीमती समय बचेगा। एनसीआरटीसी का कहना है कि रोजाना दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी। खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें सुबह समय पर कार्यालय या कॉलेज पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वर्तमान में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन लगभग 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। हाल ही में नमो भारत ने पांच करोड़ पैसेंजर जर्नी का महत्वपूर्ण आंकड़ा भी पार किया है। पिछले तीन महीनों के दौरान ही इस कॉरिडोर पर हर महीने औसतन 32 लाख से अधिक पैसेंजर जर्नी दर्ज की गई हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फास्ट ट्रेनों की शुरुआत को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
खास बात यह है कि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति के बीच सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भी यह पहल की जा रही है। तेज और सुविधाजनक सफर मिलने से अधिक लोग निजी वाहनों के बजाय नमो भारत का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव और ट्रैफिक जाम कम करने में भी मदद मिल सकती है। एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि फास्ट और नियमित ट्रेनों के संचालन के दौरान स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड को देखकर ही ट्रेन में सवार हों। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं को भी ध्यान से सुनें, ताकि यात्रियों को यह स्पष्ट रहे कि उनके प्लेटफॉर्म पर आने वाली ट्रेन फास्ट सेवा है या नियमित सेवा।
–आईएएनएस
पीकेटी/एएस

