बीजिंग, 15 नवंबर (आईएएनएस)। चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने बैंकॉक में थाईलैंड के राजा महा वजीरालोंगकोर्न से मुलाकात की।
ली छ्यांग ने राजा महा वजीरालोंगकोर्न को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग का हार्दिक अभिनंदन पहुंचाया और कहा कि पिछले साल महामहिम राजा ने चीन की राजकीय यात्रा की और राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने महामहिम राजा से मुलाकात की, जिससे चीन-थाईलैंड साझा भविष्य समुदाय के निर्माण को आगे बढ़ाने पर महत्वपूर्ण सहमति बनी। चीन थाई शाही परिवार द्वारा चीन-थाईलैंड मित्रता को बढ़ावा देने की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की सराहना करता है।
वर्तमान में अस्थिर अंतरराष्ट्रीय स्थिति में चीन-थाईलैंड के आर्थिक और व्यापारिक सहयोग में वृद्धि विशेष रूप से सराहनीय है। चीन थाईलैंड के साथ मिलकर दोनों राष्ट्राध्यक्षों के रणनीतिक मार्गदर्शन का पालन करने, घनिष्ठ आदान-प्रदान जारी रखने, निवेश, तकनीकी नवाचार और नई ऊर्जा वाहनों जैसे क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने, लोगों के बीच आदान-प्रदान को गहरा करने को तैयार है, ताकि दोनों देशों के आर्थिक और सामाजिक विकास में योगदान दिया जा सके और दोनों देशों के लोगों की खुशहाली को बढ़ाया जा सके।
राजा महा वजीरालोंगकोर्न ने कहा कि पिछले वर्ष चीन की उनकी राजकीय यात्रा, जिसके दौरान उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ सफल मुलाकात की, फलदायी रही। प्रधानमंत्री ली छ्यांग की थाईलैंड की यात्रा से थाईलैंड और चीन के बीच पारंपरिक मित्रता को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग को गहरा करने में मदद मिलेगी।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

