तेहरान, 15 नवंबर (आईएएनएस)। होर्मुज स्ट्रेट में रविवार को एक बार फिर दो तेल टैंकरों में विस्फोट हुए। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) नौसेना ने दावा किया कि दोनों टैंकर अनधिकृत मार्ग से गुजरने की कोशिश में समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गए और विस्फोट के बाद आग की चपेट में आ गए। इनमें से 20 लाख बैरल से अधिक कच्चे तेल से लदा एक सुपरटैंकर डूब गया।
ईरान की समाचार एजेंसी मेहर न्यूज के अनुसार, आईआरजीसी नौसेना के जनसंपर्क विभाग के मुताबिक, दोनों टैंकर प्रतिबंधित मार्ग से गुप्त रूप से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी पहचान और लोकेशन बताने वाले सभी सिस्टम बंद कर दिए थे। बाद में वे बारूदी सुरंगों से टकरा गए, जिससे शक्तिशाली धमाके हुए और जहाजों में आग लग गई।
बयान में कहा गया कि इनमें से एक जहाज सुपरटैंकर था, जो 20 लाख बैरल से ज्यादा कच्चा तेल लेकर जा रहा था। भीषण विस्फोट और आग लगने के बाद जहाज फारस की खाड़ी के दक्षिणी जल क्षेत्र में डूब गया।
मेहर न्यूज के अनुसार, आईआरजीसी नौसेना ने इलाके में काम कर रहे मछुआरों को भी सावधानी बरतने की चेतावनी दी है, ताकि वे डूबे हुए टैंकर के मलबे से टकराने से बच सकें। साथ ही, नौसेना ने टैंकर मालिकों, शिपिंग कंपनियों के प्रबंधकों और जहाजों के चालक दल को होर्मुज स्ट्रेट के प्रतिबंधित क्षेत्र के करीब न जाने की सलाह दी है।
बयान में कहा गया है कि वे अमेरिकी सेना की गतिविधियों से गुमराह न हों और इस क्षेत्र से गुजरने को लेकर जारी चेतावनियों का पालन करें।
बयान में कहा गया कि ईरान की ओर से घोषित व्यवस्थाओं का उल्लंघन करके प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले किसी भी जहाज को इसी तरह के परिणाम झेलने पड़ सकते हैं। आईआरजीसी ने इस क्षेत्र को ‘दूषित क्षेत्र’ बताया है।
इससे पहले होर्मुज स्ट्रेट के पूर्व में शनिवार को भी एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराकर आग की चपेट में आ गया।
ईरान की समाचार एजेंसी मेहर न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की नौसेना ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट के पूर्व में एक प्रतिबंधित इलाके में नियमों का उल्लंघन करने वाला एक और तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराकर आग की चपेट में आ गया।
ईरानी नौसेना के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, यह टैंकर नियमों का उल्लंघन कर रहा था और प्रतिबंधित इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान वह समुद्री सुरंग से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई।

