SGSU Advertisement
Home राजनीति 50 सप्ताह की ‘मुख्यमंत्री पाती’ पर योगी का भावुक संदेश, बोले- सरकार...

50 सप्ताह की ‘मुख्यमंत्री पाती’ पर योगी का भावुक संदेश, बोले- सरकार और जनता के बीच संवाद का सेतु बनी पाती

0
2

लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखी अपनी ‘मुख्यमंत्री पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर इस संवाद श्रृंखला के उद्देश्य और इसके पीछे की प्रेरणा साझा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उत्तर प्रदेश मात्र एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है और परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व के साथ संवाद होता है।

उन्होंने पाती को सरकार और समाज के बीच विश्वास, सहभागिता और आत्मीय जुड़ाव का माध्यम बताते हुए इसमें प्रदेशवासियों के सुझावों और अपेक्षाओं को भी स्थान देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पाती के माध्यम से प्रदेशवासियों से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, पता ही नहीं चला। कई बार लोगों के मन में यह जिज्ञासा उठती होगी कि मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं? इसका उत्तर उनके वनटांगिया गांव के पहले दौरे के एक प्रसंग में छिपा है।

उन्होंने कहा कि पहली बार वनटांगिया गांव जाने का अनुभव आज भी उन्हें याद है। कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोगों का दयनीय जीवन तथा वर्षों तक मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहने की स्थिति देखकर वह अत्यंत व्यथित हुए थे। उस समय उन्हें महसूस हुआ कि शासन का वास्तविक दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं, बल्कि समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है, जिसकी अपेक्षाएं और पीड़ा कई बार व्यवस्था के बीच तक नहीं पहुंच पातीं।

योगी ने कहा कि इसी अनुभव ने उनके मन में शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव की आवश्यकता को और मजबूत किया। मुख्यमंत्री पाती की प्रेरणा भी इसी भावना में निहित है। उन्होंने कहा कि उनकी सहज भावना रही है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहें। प्रदेश के लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े विषयों पर आत्मीय संवाद हो। पाती के माध्यम से सुख-दुख की साझेदारी, परस्पर विश्वास और सहभागिता को मजबूत करना ही उनका उद्देश्य रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में लिखे गए ये पत्र उनके लिए केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप व्यापक दृष्टि साझा करने का माध्यम भी बने हैं। उन्हें यह जानकर विशेष प्रसन्नता होती है कि इस संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा में प्रदेशवासियों का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी रहा है। उनकी इच्छा है कि पाती केवल उनके विचारों की अभिव्यक्ति बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें जनता के मन की बात, अपेक्षाओं और सुझावों को भी समान रूप से स्थान मिले। जनता की आवाज ही पाती की वास्तविक शक्ति है और उसकी सहभागिता ही इसे अधिक सार्थक तथा जनभावनाओं के अनुरूप बनाने का आधार बनेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस आत्मीय संवाद श्रृंखला को और मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एक-दूसरे के और निकट लाए।

उन्होंने सभी से मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।

–आईएएनएस

विकेटी/एएस