SGSU Advertisement
Home राजनीति हरियाणा सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका साथ सबका विकास कर रही...

हरियाणा सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका साथ सबका विकास कर रही है: जेपी दलाल

0
2

भिवानी, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है।

भिवानी में मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा राज में प्रदेश की राजनीति में बहुत बड़ा बदलाव आया है। मेरिट के आधार पर नौकरियां मिली हैं और कानून का राज स्थापित हुआ है। सभी लोगों के काम अपने आप होते हैं, जबकि पूर्व की कांग्रेस सरकारों में पहले जिस जिले का मुख्यमंत्री होता था, वह अपने ही लोगों के काम करता था। भेदभाव हुआ करता था, लेकिन अब ऐसा बिल्कुल नहीं होता। यही लोकतंत्र की खूबी है कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत के साथ काम होना चाहिए। भाजपा की सरकार में बेहतरीन काम हो रहा है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के फोन टैपिंग वाले आरोपों के अलावा केंद्र सरकार को डिबेट की चुनौती दिए जाने पर जेपी दलाल ने कहा कि राहुल गांधी पिछले कई दिनों से चर्चा में रहने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह नकारात्मक वजहों से चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने विदेशी लोगों के बीच भारत का अपमान किया है। देश के लोग यह सब देख रहे हैं और इससे राहुल गांधी को बहुत नुकसान होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के भाजपा के पन्ना प्रमुखों के मुकाबले हर घर प्रमुख बनाने के दावे पर दलाल ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी जैसे आंदोलन करती है, जिसमें कोई तथ्य नहीं है। कांग्रेस को लोगों के पास जाना चाहिए और अपने गलत कामों के लिए माफी मांगनी चाहिए। लोगों से वह आगे अच्छे काम करने की बात कहे तो शायद लोग उन पर विश्वास कर सकते हैं। लेकिन कांग्रेस आज धरातल पर नहीं है, उसमें केवल आपस में सिर-फुटव्वल होता है। वर्चस्व की लड़ाई होती रहती है।

विपक्ष के मुख्यमंत्री नायब सैनी के पंजाब में रहने के आरोपों पर दलाल ने कहा कि विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ नहीं है। पंजाब भी हमारा प्रदेश है और दिल्ली भी हमारे देश का हिस्सा है। मुख्यमंत्री पूरे देश में कहीं भी जा सकते हैं। उनकी लोकप्रियता है, इसलिए वह वहां जाते हैं।