नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने मेरा युवा भारत (माय भारत) के जरिए चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए। इस अभियान के नौवें सप्ताह में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के विभिन्न ब्लॉकों में खेल प्रतियोगिताएं और पड़ोस युवा संसद आयोजित की गईं।
जहां खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया गया, वहीं पड़ोस युवा संसदों के जरिए युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन और इसकी लत की रोकथाम के उपायों पर सुव्यवस्थित चर्चा में शामिल किया गया। 15 नवंबर की अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार, इन पहलों के माध्यम से नशामुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में कुल 429 कार्यक्रमों के अंतर्गत 1,039 गतिविधियों का आयोजन कर 81,622 युवाओं और नागरिकों को संगठित किया गया।
ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के समूह का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक किया गया, जिसमें विभिन्न ब्लॉकों और गांवों के युवाओं ने खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इस पहल ने जमीनी स्तर के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान किया। साथ ही, इसके माध्यम से शारीरिक फिटनेस, टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया गया। इस दौरान कुल 370 खेल कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके अंतर्गत 851 गतिविधियां संचालित की गईं और इनमें 75,220 युवाओं एवं नागरिकों ने भाग लिया।
खेल आयोजनों के साथ-साथ, 14 नवंबर को ब्लॉक स्तर पर 59 पड़ोस युवा संसद (एनवाईपी) कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 188 गतिविधियों के माध्यम से 6,402 युवाओं ने भाग लिया। इन सत्रों के माध्यम से अभियान की पहुंच मोहल्लों और जमीनी स्तर के समुदायों तक विस्तारित हुई। साथ ही, युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से उत्पन्न चुनौतियों को समझने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने के उपायों पर चर्चा करने के लिए एक सुव्यवस्थित मंच प्रदान किया गया।
प्रत्येक पड़ोस युवा संसद में चार सुव्यवस्थित सत्र आयोजित किए गए, जिनमें माय भारत पोर्टल का परिचय; नशीले पदार्थों के सेवन को समझना: भारत के युवाओं के समक्ष चुनौतियां; जागरूकता से कार्रवाई तक: नशामुक्त युवा के लिए उपाय; तथा बदलाव की कहानियां: नशामुक्त भारत की दिशा में यात्रा विषय पर एक श्रव्य-दृश्य प्रस्तुति शामिल थी।
इन सत्रों का मुख्य उद्देश्य नशीले पदार्थों के सेवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को इस जागरूकता को ठोस कार्रवाई में बदलने के लिए प्रोत्साहित करना था। इसके प्रमुख उदाहरणों में तमिलनाडु के धर्मपुरी जिले के नल्लमपल्ली ब्लॉक तथा तेलंगाना के रंगारेड्डी और नागरकुरनूल जिले के कोल्लापुर ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम शामिल रहे।
इस सप्ताह की गतिविधियों को ब्रह्माकुमारीज, हार्टफुलनेस, प्रोजेक्ट प्वाइंट, एसोचैम और फिक्की सहित सहयोगी संगठनों का भी समर्थन प्राप्त हुआ। हार्टफुलनेस ने बेंगलुरु, मैसूर और चेन्नई में आयोजित वॉकथॉन सहित जनसंपर्क पहलों में सहयोग दिया। वहीं, प्रोजेक्ट पॉइंट ने ओडिशा के खुर्दा जिले के बेगुनिया ब्लॉक में आयोजित गतिविधियों में हिस्सा लिया।

