SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय वित्त मंत्री ने अमेरिकी-भारत रणनीतिक साझेदारी फोरम के प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात,...

वित्त मंत्री ने अमेरिकी-भारत रणनीतिक साझेदारी फोरम के प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात, अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

0
3

नई द‍िल्‍ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में सोमवार को ‘यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम’ की बैठक के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा क‍ि दुनियाभर के निवेशकों के लिए भारत एक आकर्षक जगह बनी हुई है। उन्‍होंने कहा क‍ि भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती देश के बेहतर निवेश माहौल को दर्शाती है। इस दौरान उन्होंने भारत की मजबूत आर्थिक गति और सकारात्मक दृष्टिकोण पर जोर दिया।

भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर इस बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया क‍ि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को नई दिल्ली में ‘यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम’ (यूएसआईएसपीएफ) के दौरे पर आए बोर्ड प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।

बैठक के दौरान वित्त मंत्री ने भारत की मजबूत आर्थिक प्रगति और सकारात्मक भविष्य की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती देश के बेहतर निवेश माहौल को दर्शाती है और दुनिया भर के निवेशकों के लिए भारत एक आकर्षक गंतव्य बना हुआ है। वहीं, यूएसआईएसपीएफ के बोर्ड प्रतिनिधिमंडल ने भारत में निवेश जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विशेष रूप से रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आर एंड डी) समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने में रुचि दिखाई। यह बैठक भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक और कारोबारी सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इससे पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आगामी केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारियों के तहत देश के प्रमुख अर्थशास्त्रियों के साथ पहली प्री-बजट परामर्श बैठक की, जिसका उद्देश्य आगामी बजट के लिए विशेषज्ञों से सुझाव प्राप्त करना और आर्थिक प्राथमिकताओं पर व्यापक चर्चा करना था।

वित्त मंत्रालय पहले से ही बजट 2027-28 के लिए विभिन्न उद्योग संगठनों और हितधारकों के साथ परामर्श बैठकों की शृंखला चला रहा है। इन बैठकों का उद्देश्य उद्योग जगत, व्यापार समुदाय और आर्थिक विशेषज्ञों से सुझाव लेकर बजट को अधिक प्रभावी और विकासोन्मुख बनाना है।