SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ‘इंद्रियों को नियंत्रण में रखने वाला व्यक्ति उत्कृष्ट शांति को प्राप्त होता...

‘इंद्रियों को नियंत्रण में रखने वाला व्यक्ति उत्कृष्ट शांति को प्राप्त होता है’, पीएम मोदी ने साझा किया सुभाषित

0
3

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुभाषित साझा किया है। संस्कृत के एक श्लोक के माध्यम से पीएम मोदी ने लोगों को ज्ञान प्राप्ति करके उत्कृष्ट शांति का संदेश दिया है।

प्रधानमंत्री की ओर से एक्स पोस्ट में संस्कृत श्लोक, ‘श्रद्धावांल्लभते ज्ञानं तत्परः संयतेन्द्रियः। ज्ञानं लब्ध्वा परां शान्तिमचिरेणाधिगच्छति।।’ साझा किया गया है, जिसका हिंदी भावार्थ है कि जो व्यक्ति श्रद्धा से युक्त, ज्ञान के लिए समर्पित, एकाग्र और इंद्रियों को नियंत्रण में रखने वाला होता है, वही ज्ञान प्राप्त करता है। वह व्यक्ति ज्ञान प्राप्त कर शीघ्र ही उत्कृष्ट शांति को प्राप्त होता है।

पीएम की ओर से साझा किया गया यह संस्कृत श्लोक श्रीमद्भगवद्गीता के चौथे अध्याय (ज्ञानकर्मसंन्यासयोग) का 39वां श्लोक है। इस श्लोक के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण अर्जुन को ज्ञान और भक्ति की महत्ता समझाते हुए बताते हैं कि आध्यात्मिक या दिव्य ज्ञान किसे और कैसे प्राप्त होता है।

इस श्लोक के माध्यम से भगवान ने अर्जुन को समझाया है कि जिस मनुष्य की शास्त्रों, गुरु और ईश्वर में अगाध श्रद्धा है, जो अपनी साधना के प्रति पूरी तरह समर्पित (तत्पर) है और जिसने अपनी इंद्रियों को वश में कर रखा है, वह दिव्य ज्ञान को प्राप्त करता है और उस ज्ञान को पाकर शीघ्र ही परम शांति (मोक्ष/आध्यात्मिक शांति) को प्राप्त कर लेता है।

भगवान कहते हैं कि जिसमें गुरु, ईश्वर और शास्त्रों के प्रति अटूट विश्वास और आदर हो, जो ज्ञान प्राप्ति के लिए पूरी लगन और उत्सुकता रखने वाला हो और जिसने अपनी इंद्रियों (काम, क्रोध, लालसा आदि) पर नियंत्रण पा लिया हो, वह बिना किसी देरी के शीघ्र ही परम शांति को प्राप्त कर लेता है।