Saturday, June 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भाजपा सदस्यता अभियान : एक महीने में सात करोड़ से अधिक लोग...

भाजपा सदस्यता अभियान : एक महीने में सात करोड़ से अधिक लोग बने पार्टी के सदस्य

0
78

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा द्वारा देशभर में जोर-शोर से चलाए जा रहे राष्ट्रीय सदस्यता अभियान ने एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के संयोजक विनोद तावड़े ने दावा किया है कि ‘भाजपा सदस्यता अभियान’ ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए एक महीने में सात करोड़ सदस्यों की संख्या पार कर ली है।

आपको बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने दो सितंबर को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय विस्तार में भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया था। पार्टी ने इस राष्ट्रीय सदस्यता अभियान को ‘संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2024’ का नाम दिया है।

विनोद तावड़े ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट कर पार्टी के सदस्यता अभियान को मिली कामयाबी के बारे में बताते हुए कहा, ” राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के मार्गदर्शन में चल रहे ‘भाजपा सदस्यता अभियान’ ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए महज एक महीने में सात करोड़ सदस्यों की संख्या पार कर ली है। आज उच्च आदर्श, जनकल्याणकारी एवं राष्ट्रवादी नीतियों की वजह से भाजपा को देशभर में भरपूर स्नेह मिल रहा है। साथ ही हर वर्ग के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के महा संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा परिवार का हिस्सा बन रहे हैं।”

तावड़े ने एक बार फिर से लोगों से 8800002024 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर या नमो एप के माध्यम से भाजपा का सदस्य बनने की भी अपील की।

–आईएएनएस

एसटीपी/सीबीटी