Sunday, July 12, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल दिल्ली प्रीमियर लीग : अजय रावत के दो गोलों से जीता फ्रेंड्स...

दिल्ली प्रीमियर लीग : अजय रावत के दो गोलों से जीता फ्रेंड्स यूनाइटेड

0
56

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेटरन अजय रावत के दो गोलों की मदद से फ्रेंड्स यूनाइटेड ने शुक्रवार को हिंदुस्तान एफसी को 2-1 से हराकर तीसरी डीएसए प्रीमियर लीग में पूरे अंक अर्जित किए। यहां अंबेडकर स्टेडियम में खेले गए दिन के दूसरे मुकाबले में तरुण सांघा उलटफेर करते-करते चूक गई।

पहली प्रीमियर लीग की विजेता वाटिका एफसी जैसे-तैसे तरुण सांघा के चंगुल से बच पाई। एक समय दो गोलों की बढ़त लेने के बाद तरुण सांघा से चूक हुई और मुकाबला 3- 3 से बराबर रहा। तरुण सांघा के लिए अबॉय सिंह ने दो और अविजित नसकर ने एक गोल किया। वाटिका की ओर से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अभिषेक बॉक्सला, अर्जुन शरीन और अमिताभ रावत ने एक-एक गोल किए।

फ्रेंड्स यूनाइटेड और हिंदुस्तान के बीच खेला गया मैच उतार-चढ़ाव वाला रहा। हिंदुस्तान को पहला गोल जमाने का श्रेय मिला, लेकिन अनुभवी खिलाड़ियों से सजे फ्रेंड्स ने जल्दी ही एकजुट होकर दनादन दो गोल ठोक डाले। हिंदुस्तान को 11वें मिनट में रोनाल्डो ने बढ़त दिलाई। लेकिन अजय ने क्रमशः 22वें और 37वें मिनट में गोल जमा कर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब पाया।

वाटिका और तरुण सांघा के बीच खेले गए मैच में उलटफेर नहीं हो पाया क्योंकि अंतिम 15 मिनट में वाटिका ने गजब का जुझारूपन दिखाया और दो बेहतरीन गोलों से लाज बचा ली।