एशिया कप : निर्णायक मुकाबले में पाकिस्तान का यूएई से सामना

0
32

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को एशिया कप 2025 का 10वां मैच खेला जाना है। दोनों ही टीमों के लिए यह निर्णायक मुकाबला होगा, जिसमें जीत दर्ज करने वाली टीम सुपर 4 के लिए क्वालीफाई कर लेगी।

ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में भारतीय टीम शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर शीर्ष पर मौजूद है। वहीं, पाकिस्तान की टीम दो में से एक मैच जीतकर दूसरे पायदान पर है।

ओमान के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली यूएई की टीम इस समय तीसरे स्थान पर है। वहीं, शुरुआती दोनों मुकाबले गंवाकर ओमान खिताबी रेस से बाहर हो गई है।

पाकिस्तान को फखर जमान और सईम अयूब से बल्लेबाजी में उम्मीदें होंगी। वहीं, गेंदबाजी में मोहम्मद नवाज और शाहीन अफरीदी मुकाबले का पासा पलटने का माद्दा रखते हैं।

यूएई की बात करें, तो मुहम्मद वसीम और अलीशान शराफू टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देते नजर आ सकते हैं, जबकि हैदर अली और जुनैद सिद्दीकी अपनी गेंदबाजी से पाकिस्तान को चौंका सकते हैं।

पाकिस्तान और यूएई के बीच साल 2016 से अब तक कुल 3 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें तीनों ही मुकाबले पाकिस्तान ने अपने नाम किए।

संयुक्त अरब अमीरात में गर्मी और उमस कम होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ऐसे में उम्मीद है कि पिच धीमी गति के गेंदबाजों को भरपूर मदद देगी।

संयुक्त अरब अमीरात की टीम : अलीशान शराफू, मुहम्मद वसीम (कप्तान), आसिफ खान, मुहम्मद जोहैब, हर्षित कौशिक, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), ध्रुव पाराशर, हैदर अली, मुहम्मद रोहिद खान, मुहम्मद जवादुल्लाह, जुनैद सिद्दीकी, मुहम्मद फारूक, आर्यंश शर्मा, मतिउल्लाह खान, एथन डिसूजा, सिमरनजीत सिंह, सगीर खान।

पाकिस्तान की टीम : सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमान, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम, अबरार अहमद, हुसैन तलत, हसन अली, खुशदिल शाह, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, सलमान मिर्जा।