Friday, June 5, 2026
SGSU Advertisement
Home राज्य अयोध्यानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फरार अड़ीबाज बदमाश गिरफ्तार, भेजा गया जेल

अयोध्यानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फरार अड़ीबाज बदमाश गिरफ्तार, भेजा गया जेल

0
17

भोपाल : 24 मई/ अयोध्यानगर पुलिस ने अड़ीबाजी और मारपीट के मामले में फरार चल रहे बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था, जिसे पुलिस ने सुभाष नगर क्षेत्र में दबिश देकर पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, फरियादी रितेश अग्रवाल, जो चाय-नाश्ते का होटल संचालित करते हैं, के साथ 15 नवंबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे मिनाल गेट नंबर-1 के पास आरोपी गौरव ठाकुर, रोबिन राय चौधरी और रवि शर्मा ने जबरदस्ती शराब पिलाने और पैसे मांगने को लेकर अड़ीबाजी की थी। विरोध करने पर आरोपियों ने फरियादी के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की थी।

घटना के बाद थाना अयोध्यानगर में अपराध क्रमांक 493/25 धारा 119(1), 296ए, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों गौरव और रवि शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीसरा आरोपी रोबिन राय चौधरी फरार हो गया था।

पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। गिरफ्तारी के डर से आरोपी भोपाल छोड़कर फरार हो गया था और वापस आने के बाद भी अपने घर न जाकर अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था। आखिरकार अयोध्यानगर पुलिस ने सुभाष नगर क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी रोबिन राय चौधरी पिता डी.एन. राय चौधरी (27) निवासी आबकारी कैंपस, जिंसी, जहांगीराबाद भोपाल का रहने वाला है। आरोपी बीएससी शिक्षित बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ मारपीट, अड़ीबाजी, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान द्वारा भोपाल शहर में गुंडागर्दी करने वाले बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकास शाहवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गौतम सोलंकी एवं सहायक पुलिस आयुक्त एम.पी. नगर मनीष भारद्वाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे, उप निरीक्षक विजय सिंह कर्चुली, उप निरीक्षक सुदील देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज कछवाहा, अजीम शेर खान सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।