Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आयुष बदौनी के तूफानी शतक से कोलाज ग्रुप सेमीफाइनल में

आयुष बदौनी के तूफानी शतक से कोलाज ग्रुप सेमीफाइनल में

0
81

नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। आयुष बदौनी (132) के तूफानी शतक से कोलाज ग्रुप ने एलबी शास्त्री क्रिकेट क्लब को आसानी से हराकर 50वें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

सेंट स्टीफंस क्रिकेट ग्राउंड, पर गुरूवार को तीसरे क्वार्टरफाइनल में कोलाज ग्रुप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

एलबी शास्त्री क्लब ने 20 ओवर में 208/3 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। नितीश राणा ने शानदार 80 रन (60 गेंदों में) बनाए जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल थे। हितेन दलाल ने तूफानी अंदाज में 78 रन (38 गेंदों में) बनाए जिसमें 4 चौके और 8 छक्के शामिल थे। कोलाज ग्रुप की तरफ से अरुण चपराणा ने 2 विकेट 26 रन देकर लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए बदौनी ने चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए मात्र 46 गेंदों में 132 रन ठोक डाले। बदौनी ने 14 चौके और 11 छक्के मारे। बदौनी ने टूर्नामेंट का सबसे तेज शतक जमाया, जिससे टीम ने मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। समर्थ सेठ ने 37 रन (22 गेंदों में) और अरुण चपराणा ने मात्र आठ गेंदों में 32 रन मारे और मैच खत्म किया।

बदौनी को कीमती स्पोर्ट्स पैंथर और क्रिक विलोफॉरयू प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार अमित ग्रोवर (संयुक्त सचिव, डीडीसीए) ने प्रदान किया।

चौथे क्वार्टर फाइनल में द्वारका वॉरियर्स और एचसीए पायनियर का मुकाबला हुआ। द्वारका वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। एचसीए पायनियर ने 20 ओवर में 157 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। शुभम लाम्बा ने 31(32 गेंदों में), सत्यम सांगू ने 22(16 गेंद) और अश्विनी चिल्लर ने 20 रन बनाये। द्वारका वारियर्स की तरफ से देव लाकड़ा ने 24 रन देकर चार विकेट लिए।

जवाब में द्वारका वॉरियर्स ने लक्ष्य को 16.1 ओवर में हासिल कर लिया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां उनका मुकाबला 13 जून को मद्रास क्रिकेट क्लब से होगा। देव लाकड़ा ने 44(29 गेंदों में) (4×3, 6×2) तथा अर्पित राणा ने 42(21 गेंदों में) (4×8, 6×1) रन बनाये और टीम को अंतिम चार में पहुंचाया।

देव लाकड़ा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार विशाल कात्याल (महासचिव) और कार्तिक शर्मा (टूर्नामेंट सचिव) ने प्रदान किया।

–आईएनएस

आरआर/