Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘भगवान ही जानते हैं कि वह क्या कर रहे हैं’, अहमदाबाद विमान...

‘भगवान ही जानते हैं कि वह क्या कर रहे हैं’, अहमदाबाद विमान हादसे पर बोले राम गोपाल वर्मा

0
34

मुंबई, 13 जून (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए विमान हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि “केवल भगवान ही जानते हैं कि वह क्या कर रहे हैं”।

एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक दल के सदस्यों समेत विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से केवल एक व्यक्ति जीवित बचा है। हाल के दिनों में कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं घटी हैं जिन्होंने सभी को अंदर से हिलाकर रख दिया है।

इस दुखद हादसे और हालिया घटनाक्रमों के बारे में राम गोपाल वर्मा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “भगवान ही जानते हैं कि भगवान क्या कर रहे हैं?” उन्होंने पहलगाम हमले पर बात करते हुए कहा, “आप छुट्टियां मनाने किसी खूबसूरत जगह पर जाते हैं और आतंकवादी आपको गोली मार देते हैं।”

गत 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी थी, जिसमें मुख्य रूप से हिंदू पर्यटक शामिल थे। पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) की शाखा ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली।

हमले का बदला लेने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में आतंकवादी ढांचों पर हमला किया गया।

बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ की ओर इशारा करते हुए ‘सरकार राज’ के निर्माता ने शेयर किया, “आप ट्रॉफी परेड में जश्न मनाने जाते हैं और लोग भगदड़ में मर जाते हैं।”

उल्लेखनीय है कि 4 जून को चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पहली आईपीएल जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी।

राम गोपाल वर्मा ने अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना पर भी दुख व्यक्त करते हुए कहा, “आप विमान में उड़ते हैं और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है।”