Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल बिहार हॉकी टीम साल 2026 में प्रथम स्थान पर रहेगी: श्रवण कुमार

बिहार हॉकी टीम साल 2026 में प्रथम स्थान पर रहेगी: श्रवण कुमार

0
26

पटना, 2 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार सरकार में ग्रामीण विकास विभाग और परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि साल 2026 में बिहार हॉकी टीम का प्रदर्शन अच्छा रहेगा और टीम पहले स्थान पर रहेगी।

आईएएनएस से विशेष बातचीत में श्रवण कुमार ने कहा, “हमारी टीम असम से खेल कर आई है। थोड़ी चूक नहीं हुई होती, तो टीम प्रथम स्थान पर रहती। बिहार हॉकी का अध्यक्ष होने के नाते मैंने बिहार के खिलाड़ियों को मिलने के लिए और उन्हें शुभकामना देने के लिए बुलाया था। मुझे विश्वास है कि 2026 में हमारी टीम प्रथम स्थान प्राप्त करेगी और बिहार का नाम रोशन करेगी।”

श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खेल के क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है।

उन्होंने कहा, “आपने देखा कि नालंदा में एशिया हॉकी कप का सफल आयोजन हुआ था। पटना में भी मैदान बन गया है। अब खिलाड़ी राजगीर और पटना दोनों जगह अभ्यास कर सकते हैं। खेल के क्षेत्र और विशेषकर हॉकी के क्षेत्र में हम आगे बढ़ेंगे। खेल को बढ़ावा देने के लिए हम ग्रामीण विकास विभाग की तरफ से 6,800 मैदान बना रहे हैं। मुझे लगता है कि जनवरी में सभी मैदान बनकर तैयार हो जाएंगे। उसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।”

श्रवण कुमार ने कहा कि जल्द ही बिहार में अन्य खेलों की सुविधाएं बढ़ेंगी। एशियन गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा जिसमें बिहार के खिलाड़ी शामिल होंगे, और बिहार के खिलाड़ियों को खेलने का मौका भी मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि खेल के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बिहार सरकार उनकी क्षमता के मुताबिक नौकरी दे रही है।

बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में 29 अगस्त से 7 सितंबर के बीच एशिया कप हॉकी का आयोजन हुआ था। भारत ने दक्षिण कोरिया को हराकर खिताब जीता। एशिया कप के सफल आयोजन के बाद आने-वाले दिनों में हॉकी के बड़े इवेंट आयोजित हो सकते हैं।