Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बिहार में 14 नवंबर को फिर मनेगी दीपावली: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा

बिहार में 14 नवंबर को फिर मनेगी दीपावली: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा

0
40

पटना, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में सीटों को लेकर उभरे विवाद के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दल उत्साहित हैं। एनडीए में शामिल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने मंगलवार को महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महागठबंधन में तो इस चुनाव में 243 सीटों पर 255 से ज्यादा उम्मीदवार उतर गए हैं।

उन्होंने साफ कहा कि राजनीति में कोई दोस्ताना संघर्ष नहीं होता है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि एनडीए ने सौहार्दपूर्ण तरीके से न केवल सीट बंटवारा किया बल्कि चुनावी मैदान में उम्मीदवार भी उतार दिए। अब चुनावी प्रचार भी शुरू हो गया है जबकि दूसरी ओर महागठबंधन में अभी तक उम्मीदवार तय नहीं हो सके हैं।

उन्होंने कहा कि आज मंगलवार से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रचार अभियान में आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए अपने विकास कार्यों को लेकर चुनावी मैदान में जा रही है और बिहार की जनता एनडीए को आशीर्वाद देने को भी तैयार है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के नेता ने कहा कि एनडीए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है।

उल्लेखनीय है कि इस विधानसभा चुनाव में एनडीए की ओर से जदयू और भाजपा 100-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं। बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।