सासाराम, 21 जून (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को अवैध रूप से चलाए जा रहे एक सिगरेट कारखाने का भंडाफोड़ किया। यहां से पुलिस ने गोल्ड फ्लेक और अन्य प्रतिष्ठित ब्रांडों के नकली सिगरेट, सिगरेट बनाने में प्रयुक्त होने वाला कच्चा पदार्थ और अत्याधुनिक मशीनें बरामद की।
रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलाथुआ गांव में अवैध रूप से एक सिगरेट फैक्ट्री संचालित की जा रही है। उसी सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 सासाराम, कुमार वैभव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसमें कई थानों की पुलिस को भी शामिल किया गया।
इसके बाद बलाथुआ गांव में अवैध सिगरेट फैक्ट्री में छापेमारी की गई। पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान गोपालजी ओझा और राजेश कुमार मिश्रा के रूप में की गई है। दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
बताया गया कि राजेश कुमार मिश्रा फैक्ट्री में सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा था और अवैध रूप से गोल्ड फ्लेक और अन्य ब्रांडों की सिगरेट का निर्माण करवा रहा था। वह वाराणसी के बड़ागांव का रहने वाला बताया गया है। फैक्ट्री में काम कर रहे 20 से अधिक मजदूरों से भी पुलिस ने पूछताछ की।
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पिछले करीब सात वर्षों से अवैध तरीके से गोल्ड फ्लेक और अन्य ब्रांडों की नकली सिगरेट का निर्माण कर उसे बाजार में बेचा जा रहा था।
पुलिस ने पास के ही एक गोदाम में छापेमारी कर बड़ी संख्या में विभिन्न ब्रांडों के नकली सिगरेट भी बरामद किए। रोहतास के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फैक्ट्री से तीन सिगरेट मेकिंग मशीन, गोल्ड फ्लेक और अन्य ब्रांडों की तैयार सिगरेट तथा कच्चे पदार्थ सहित कई सामान बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करोड़ों में आंकी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।