Thursday, June 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भाजपा खुद को हिंदुओं का रखवाला बताकर उन्हें कर रही बर्बाद :...

भाजपा खुद को हिंदुओं का रखवाला बताकर उन्हें कर रही बर्बाद : कांग्रेस नेता नाना पटोले

0
18

नागपुर, 1 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के शाहरुख खान और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया है।

कांग्रेस नेता नाना पटोले ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार का समर्थन कोई नहीं करेगा, लेकिन भाजपा हिंदुओं के साथ होने का दावा करती है। केंद्र की मोदी सरकार ने देश को महंगाई में झोंक दिया है, जिससे परेशान होने वालों में हिंदुओं की संख्या अधिक है।

उन्होंने कहा कि भारत में आत्महत्या करने वाले किसानों और बेरोजगारों में हिंदुओं की संख्या अधिक है। कुलदीप सेंगर ने बच्ची के साथ गलत किया, वह बच्ची भी हिंदू थी। देश में अगर हिंदुओं पर भाजपा अत्याचार करे तो क्या वह चलता है? हिंदू हो या मुसलमान, हमें इंसानियत रखनी चाहिए। भाजपा खुद को हिंदुओं का रखवाला बताकर उन्हें बर्बाद करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान ने हमारे देश के पहलगाम में हमला किया और हमारी बहनों को विधवा किया, उसके बाद पाकिस्तान की टीम के साथ मैच हुआ। तब भाजपा वाले सो रहे थे क्या? पूरा देश कहता है कि पाकिस्तान की टीम इंडिया नहीं आनी चाहिए, लेकिन तब वे इसे खेल बताते हैं और कहते हैं कि खेल में इस तरह की बात नहीं होती।

उन्होंने कहा कि शाहरुख खान मुस्लिम हैं, इसलिए उन्हें इस तरह की बातें करके ट्रोल किया जा रहा है। खाने के दांत अलग और दिखाने के दांत अलग रखने का काम भाजपा का ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है।

घुसपैठियों के मुद्दे पर नाराजगी जताते हुए नाना पटोले ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि बिहार के चुनाव में एसआईआर हुआ था, तब कितने बाहरी लोग सामने आए थे, उसके आंकड़े नहीं दिए गए। ये लोग मरे हुए लोगों को जिंदा करते हैं और जिंदा लोगों को मरा बताने का खेल शुरू किया गया। जब इसका खुलासा होगा तो इन्हें अपने पाप पर पछतावा होगा।

बीएमसी चुनाव पर उन्होंने कहा कि इंग्लैंड में पाकिस्तान का आदमी मेयर बनता है, लेकिन हमारे देश में भाजपा के लोग हिंदू-मुसलमान करके देश के संविधान का अपमान कर रहे हैं। ये लोग अपना पाप छिपा रहे हैं। इन्होंने महंगाई बढ़ाई और मुंबई शहर को बर्बाद कर दिया। ये सब बातें छिपाने के लिए ये लोग हिंदू-मुसलमान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम लोग भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर बीएमसी का चुनाव लड़ेंगे। इससे मुंबई के लोगों को काफी नुकसान हुआ है। मुंबई को बिल्डरों के हाथों में बेच दिया गया है। महंगाई और बेरोजगारी को लेकर हम चुनाव मैदान में उतरने वाले हैं।