कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी के नेतृत्व पर भरोसा नहीं, पतन तय: दिलीप जायसवाल

0
14

पटना, 23 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी को लेकर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब से राहुल गांधी ने कांग्रेस की कमान संभाली है, तब से उसका जनाधार लगातार कमजोर होता जा रहा है और पार्टी का पतन तय हो गया है।

दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से कहा, “कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर कोई भरोसा नहीं बचा है। पार्टी धीरे-धीरे अपना समर्थन आधार खो रही है। गांधी परिवार और कांग्रेस नेतृत्व के भीतर चल रही खींचतान और आंतरिक संघर्ष अब केवल पार्टी के अंदर ही नहीं, बल्कि पूरे देश को साफ दिखाई दे रहा है।”

राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए जायसवाल ने कहा, “जिस तरह राहुल गांधी देश की सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल उठाते हैं और कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी ताकतों जैसी भाषा बोलते हैं, उस पर मुझे बार-बार यह कहना पड़ता है कि अगर राहुल गांधी देश के बाहर रहते हैं, तो उन्हें देश के प्रति वफादार रहना चाहिए।”

दिलीप जायसवाल ने सनातन धर्म को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को पूरी दुनिया विज्ञान पर आधारित मानती है और इस बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सही बात कही है। जायसवाल ने कहा, “सनातन धर्म में भगवान के नाम में भी विज्ञान छिपा है।”

उन्होंने समझाते हुए कहा, “भ से भूमि, ग से गगन, व से वायु, अ से अनल और न से नीर। यानी भगवान शब्द में ही पंच तत्वों का उल्लेख है। यह अपने आप में विज्ञान है।”

दिलीप जायसवाल ने आगे कहा कि सनातन धर्म न केवल भारत को, बल्कि पूरी दुनिया को सही रास्ता दिखा सकता है। यह परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच एक मजबूत सेतु बनाता है और समाज को दिशा देने का काम करता है।

उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस का गिरता जनाधार और नेतृत्व को लेकर असंतोष आने वाले समय में पार्टी के लिए बड़ी चुनौती साबित होगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब सब कुछ देख रही है और उसी के आधार पर अपना फैसला करेगी।