देश में कई गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन भाजपा को सिर्फ गांधी परिवार ही नजर आता है: नाना पटोले

0
21

नागपुर, 9 दिसंबर (आईएएनएस)। वोटर लिस्ट मामले में दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि भारत की नागरिकता लेने से पहले सोनिया गांधी वोटर बन गईं। कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने इसे भाजपा का डर करार दिया।

नाना पटोले ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में दावा किया कि भाजपा इस कदर डरी हुई है कि उसे केवल गांधी परिवार ही नजर आता है। इसके अलावा, उसे कुछ भी समझ नहीं आता। वे सिर्फ इतना ही देख पा रही है कि कैसे गांधी परिवार को विभिन्न तरीके से परेशान किया जाए। इसके लिए वो नए-नए हथकंडे अपना रही है, लेकिन अब मुझे लगता है कि इस तरह की स्थिति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि मौजूदा समय में देश में विभिन्न प्रकार की समस्याएं हैं, जिनमें महंगाई और बेरोजगारी सबसे प्रमुख हैं, लेकिन यह दुर्भाग्य की बात है कि केंद्र सरकार इन मुद्दों पर किसी भी प्रकार का ध्यान नहीं दे रही है। ऐसा करके सरकार जनता के हितों पर कुठाराघात करने की कोशिश कर रही है, जो बिल्कुल भी ठीक नहीं है। हम इस तरह की व्यवस्था को अपने देश में बिल्कुल भी धरातल पर उतरने नहीं देंगे।

उन्होंने कहा कि देशभर में अनेक गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन सरकार का इस पर कोई भी ध्यान नहीं है। इसके विपरीत सरकार सिर्फ यही सोच रही है कि कैसे गांधी परिवार को परेशान किया जाए। इसी कड़ी में यह मुद्दा लाया गया है।

नाना पटोले ने कहा कि पहले भाजपा के लोगों ने गांधी परिवार और सोनिया गांधी को परेशान करने के लिए नागरिकता का मुद्दा उठाया था और अब मतदाता सूची का मुद्दा उठाया है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि भाजपा को इससे किसी भी प्रकार का राजनीतिक फायदा अर्जित होने वाला नहीं है। मौजूदा समय में भाजपा सिर्फ यही सोच रही है कि कैसे भी करके गांधी परिवार को परेशान किया जाए।