Wednesday, August 12, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘ठग लाइफ’ में हेलीकॉप्टर शॉट के दौरान घायल हुए मलयालम एक्टर जोजू...

‘ठग लाइफ’ में हेलीकॉप्टर शॉट के दौरान घायल हुए मलयालम एक्टर जोजू जॉर्ज

0
89

कोच्चि, 13 जून (आईएएनएस)। पॉपुलर मलयालम एक्टर जोजू जॉर्ज मणिरत्नम की फिल्म ‘ठग लाइफ’ की शूटिंग करते वक्त घायल हो गए। उन्हें डॉक्टरों ने तीन हफ्ते तक आराम करने के लिए कहा है।

जोजू जॉर्ज मणिरत्नम की फिल्म ‘ठग लाइफ’ के लिए पुडुचेरी में हेलीकॉप्टर सीन की शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान कूदते वक्त उनके पैर में चोट लग गई और वह घायल हो गए।

जॉर्ज ने चोट लगने के बाद भी सीन को पूरा किया। फिलहाल, डॉक्टरों ने उन्हें 3 हफ्ते आराम करने की सलाह दी है।

‘ठग लाइफ’ में मणिरत्नम और कमल हासन 36 साल बाद एक साथ नजर आएंगे। दोनों ने आखिरी बार 1987 में फिल्म ‘नायकन’ के लिए साथ में किया था।

बताया जा रहा है कि फिल्म की लगभग 60 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो गई है। इसे नई दिल्ली, राजस्थान और अब पुडुचेरी में शूट किया जा रहा है। व्यापक प्री-प्रोडक्शन और प्लानिंग के चलते फिल्म निर्माता ने इतने कम समय में लगभग आधी से ज्यादा शूटिंग पूरी कर ली है।

‘ठग लाइफ’ की नई दिल्ली में हुई शूटिंग लोकेशन पर कमल हासन का लुक सामने आया था, जिसमें वह काले बाल, दाढ़ी और व्हाइट कलर के आउटफिट में नजर आए थे।

एक्शन फिल्म ‘ठग लाइफ’ में कमल हासन तीन किरदार निभाते दिखेंगे। अपने किरदारों को उन्होंने मणिरत्नम के साथ मिलकर लिखा है।

फिल्म में कमल हासन और जोजू जॉर्ज के अलावा, अभिरामी, तृषा, ऐश्वर्या लक्ष्मी, जयम रवि नास्सर, गौतम कार्तिक जैसे कलाकार हैं।

राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल, मद्रास टॉकीज और रेड जायंट मूवीज इस फिल्म के निर्माता हैं। फिल्म का म्यूजिक ऑस्कर विजेता एआर रहमान ने तैयार किया है और सिनेमाटोग्राफी रवि के. चंद्रन ने की है, वहीं एडिटिंग ए. श्रीकर प्रसाद ने किया है।

फिल्म की आधिकारिक घोषणा नवंबर 2022 में की गई थी। खबरों की मानें तो यह फिल्म अगले साल रिलीज होगी।