Sunday, June 7, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय इजरायली ड्रोन ने लेबनानी क्षेत्रों में गिराए पर्चे, इलाके को खाली करने...

इजरायली ड्रोन ने लेबनानी क्षेत्रों में गिराए पर्चे, इलाके को खाली करने का दिया अल्टीमेटम

0
130

बेरूत, 15 सितंबर (आईएएनएस)। एक इजरायली ड्रोन ने रविवार सुबह दक्षिण-पूर्वी लेबनान के वाजानी गांव और आसपास के इलाकों में पर्चे गिराए। लेबनानी सैन्य सूत्रों के अनुसार, इनमें स्थानीय निवासियों से खियाम शहर के उत्तर स्थित इलाके को खाली करने के लिए कहा गया।

इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) के हस्ताक्षर वाले इन पर्चों पर लिखा है, “शरणार्थी शिविर क्षेत्र में रहने वाले सभी निवासियों और विस्थापितों के लिए जरूरी सूचना। आतंकी संगठन हिजबुल्लाह आपके क्षेत्र से गोलीबारी कर रहा है। आपको तुरंत अपने घरों को छोड़ना होगा और शाम 4 बजे (स्थानीय समय) तक खियाम के उत्तर की ओर जाना होगा। युद्ध समाप्त होने तक आपको वापस नहीं आना है।”

शिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक यह जानकारी सैन्य सूत्रों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर दी।

पर्चे में कहा गया, “इस समय के बाद इस क्षेत्र में मौजूद किसी भी व्यक्ति को आतंकवादी तत्व माना जाएगा और उसे सजा दी जाएगी।”

इस बीच, सैन्य सूत्रों ने शिन्हुआ को बताया कि इजरायली युद्धक विमानों और ड्रोन्स ने रविवार को दक्षिणी लेबनान के चार सीमावर्ती कस्बों और गांवों पर पांच हमले किए। वहीं, इजरायली तोपखाने ने आठ कस्बों और गांवों पर गोलाबारी की, जिससे अदाइसेह शहर में चार लोग घायल हो गए।

सैन्य सूत्रों ने कहा, “रविवार सुबह लेबनान की ओर से उत्तरी इजरायल में 40 कत्यूषा रॉकेट और कई ड्रोन दागे गए।”

8 अक्टूबर 2023 को लेबनान-इजरायल सीमा पर तनाव बढ़ गया था। हिज्बुल्लाह ने फिलिस्तीनी ग्रुप हमास के एक दिन पहले इजरायल पर किए गए हमले का समर्थन किया। इसके बाद इजरायल की ओर रॉकेटों की बौछार कर दी। इसके बाद इजरायल ने दक्षिण-पूर्वी लेबनान की ओर भारी गोलाबारी करके जवाबी कार्रवाई की।