Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘लंबे समय से था इसका इंतजार’, पद्म पुरस्कार मिलने पर बोले पैरा...

‘लंबे समय से था इसका इंतजार’, पद्म पुरस्कार मिलने पर बोले पैरा एथलीट प्रवीण कुमार

0
28

नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री विजेताओं के नामों का ऐलान किया। गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पैरा हाई जंपर प्रवीण कुमार को भी पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इस मौके पर प्रवीण कुमार ने कहा कि वह लंबे समय से पद्म पुरस्कार मिलने का इंतजार कर रहे थे और पद्म श्री पुरस्कार के लिए चुने जाने के बाद खुद को ‘वाकई इसके योग्य’ महसूस कर रहे हैं।

प्रवीण कुमार ने आईएएनएस से कहा, “यह लंबा इंतजार था और सब्र का फल हमेशा मीठा होता है। मैं पिछले ढाई साल से इसके लिए कोशिश कर रहा था और अब यह सम्मान पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुझे बधाई संदेश आने लगे हैं, हालांकि मैंने अभी पूरी सूची नहीं देखी है।”

प्रवीण ने पेरिस पैरालंपिक में पुरुषों की टी64 हाई जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। उन्होंने 2.08 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। यह उनके करियर का यादगार पल रहा। इससे पहले वह टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक और एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

इसके अलावा, प्रवीण ने पिछले साल नई दिल्ली में हुई वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में टी64 हाई जंप में कांस्य पदक भी जीता था।

पद्म पुरस्कारों की सूची रविवार को जारी की गई। इसमें पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज पद्म भूषण पाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं।

विजय अमृतराज को यह सम्मान उनके लंबे और शानदार करियर के लिए दिया गया है। इससे पहले उन्हें 1974 में अर्जुन पुरस्कार और 1983 में पद्म श्री मिल चुका है।

खेल जगत से सम्मान पाने वालों में रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर के अलावा हॉकी गोलकीपर सविता पुनिया, बलदेव सिंह, भगवानदास रैकवार और के पाजनिवेल भी शामिल हैं, जिन्हें भारतीय खेलों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।