Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय नामीबिया के पहले राष्ट्रपति सैम नुजोमा का 95 वर्ष की उम्र में...

नामीबिया के पहले राष्ट्रपति सैम नुजोमा का 95 वर्ष की उम्र में निधन

0
106

विंडहोक, 9 फरवरी (आईएएनएस)। नामीबिया के संस्थापक राष्ट्रपति सैम नुजोमा का 95 वर्ष की उम्र में शनिवार को निधन हो गया। देश के राष्ट्रपति नांगोलो म्बुम्बा ने रविवार सुबह इसकी घोषणा की।

नुजोमा पिछले तीन हफ्तों से बीमार थे और राजधानी विंडहोक के अस्पताल में इलाज चल रहा था।

राष्ट्रपति म्बुम्बा ने कहा, “यह बताते हुए अत्यंत दुख हो रहा है कि हमारे देश के सम्मानित स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी नेता डॉ. सैम शफीशुना नुजोमा का 8 फरवरी को रात 11:45 बजे विंडहोक में निधन हो गया।”

सैम नुजोमा का जन्म 12 मई 1929 को नामीबिया के ओमुसाती क्षेत्र के एटुंडा गांव में हुआ था। वे नामीबिया के पहले राष्ट्रपति बने और 1990 से 2005 तक देश का नेतृत्व किया। वे साउथ वेस्ट अफ्रीका पीपुल्स ऑर्गनाइजेशन (एसडब्ल्यूएपीए) के संस्थापक सदस्य भी थे, जो नामीबिया की स्वतंत्रता के बाद से सत्ता में है।

नुजोमा ने अपने बचपन में परिवार के मवेशियों की देखभाल की और फ़िनिश मिशन स्कूल में पढ़ाई की। बाद में वे वाल्विस बे और फिर विंडहोक चले गए, जहां उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी रेलवे में काम किया। उनके जीवन और संघर्ष की जानकारी उनकी धर्मार्थ संस्था की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

उनके निधन पर नामीबिया के लोगों और अफ्रीकी देशों ने गहरा शोक व्यक्त किया।

राजनीतिक विश्लेषक नदुम्बा कामवान्याह ने कहा कि नुजोमा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं के निर्माण और देश में एकता व सुलह पर विशेष ध्यान दिया। उनके नेतृत्व में नामीबिया ने स्वतंत्रता प्राप्त की और एक सशक्त राष्ट्र बना।