Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन अनुराग बसु के साथ पंकज त्रिपाठी की खास केमिस्ट्री, एक्टर बोले- ‘उनकी...

अनुराग बसु के साथ पंकज त्रिपाठी की खास केमिस्ट्री, एक्टर बोले- ‘उनकी और भी फिल्मों में काम करना चाहूंगा’

0
37

मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। अभिनेता पंकज त्रिपाठी अपनी आने वाली फिल्म ‘मेट्रो…इन दिनों’ की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में उन्होंने निर्देशक अनुराग बसु के साथ काम किया। आईएएनएस से बात करते हुए एक्टर ने उन्हें अपना पसंदीदा डायरेक्टर बताया।

अनुराग बसु और फिल्म ‘मेट्रो…इन दिनों’ के बारे में बात करते हुए पंकज त्रिपाठी ने आईएएनएस से कहा, “वह एक बेहतरीन डायरेक्टर हैं। मैं कई सालों से उनके साथ काम करना चाहता था। अगर वह मुझे अपनी फिल्मों में लेते हैं, तो मैं उनके साथ और भी फिल्में करना चाहूंगा। वह मेरे पसंदीदा डायरेक्टर हैं। उनके सेट पर हम आराम से जाते हैं। हमें न तो ज्यादा तैयारी करनी पड़ती है और न ही कोई प्लानिंग होती है।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे अपने तरीके से काम करना अच्छा लगता है, इसलिए मैं ज्यादा तैयारी नहीं करता। किरदार और कहानी का ढांचा पहले से तय होता है, लेकिन सीन को कैसे करना है, यह हम वहीं सेट पर तय करते हैं।”

पंकज ने फिल्म के बारे में बताते हुए कहा कि यह फिल्म आज के दौर के रिश्तों को दिखाएगी।

एक्टर ने कहा, “यही तो ‘मेट्रो…इन दिनों’ की कहानी है। यह फिल्म आज के नजरिए से प्यार और रिश्तों को दिखाती है और वह भी अलग-अलग उम्र के लोगों के बीच।”

अनुराग बसु के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मेट्रो…इन दिनों’ आज के समय के उलझे और बदलते रिश्तों को दिखाती है। इसमें आदित्य रॉय कपूर, सारा अली खान, अली फजल, फातिमा सना शेख, पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, अनुपम खेर और नीना गुप्ता अहम किरदार में हैं।

‘मेट्रो…इन दिनों’ साल 2007 में आई मशहूर फिल्म ‘लाइफ इन ए… मेट्रो’ का सीक्वल है। फिल्म के गाने प्रीतम ने बनाए हैं। इसे भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अनुराग बसु और तानी बसु ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।

यह फिल्म 4 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।