Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति केरल : पीएम मोदी 15 को पलक्कड़ उम्मीदवार के रोड शो में...

केरल : पीएम मोदी 15 को पलक्कड़ उम्मीदवार के रोड शो में होंगे शामिल

0
83

तिरुवनंतपुरम, 10 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मार्च को केरल के पलक्कड़ में भाजपा उम्मीदवार कृष्णकुमार के रोड शो में शामिल होंगे। जनवरी के बाद से दक्षिणी राज्य की पीएम मोदी की यह चौथी यात्रा होगी।

हालांकि, केरल के लिए एनडीए उम्मीदवारों की लिस्ट घोषित होने के बाद पीएम मोदी की यह पहली यात्रा होगी। भाजपा के लिए पलक्कड़ को ‘ए’ श्रेणी का लोकसभा क्षेत्र माना जाता है।

भाजपा ने पलक्कड़ में नगर निगम चुनाव जीता था। पार्टी के प्रदेश महासचिव कृष्णकुमार जमीनी स्तर के नेता माने जाते हैं।

पीएम मोदी ने जनवरी के पहले हफ्ते में त्रिशूर का दौरा किया था। यहां पीएम मोदी ने भाजपा की ओर से आयोजित एक महिला सम्मेलन में हिस्सा लिया था।

पीएम मोदी ने जनवरी के मध्य में एक्टर से नेता बने सुरेश गोपी की बेटी की शादी में शिरकत की थी। इसके अलावा उन्होंने राज्य में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था।

वहीं पीएम मोदी ने फरवरी में तिरुवनंतपुरम में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र का दौरा किया था और तीन महत्वपूर्ण अंतरिक्ष बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया।