SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पश्चिम बंगाल: अग्निमित्रा पॉल ने डेंगू से लोगों को जागरूक करने के...

पश्चिम बंगाल: अग्निमित्रा पॉल ने डेंगू से लोगों को जागरूक करने के लिए निकाली रैली

0
4

आसनसोल, 5 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने शनिवार को डेंगू को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली। इस रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए हैं। हाल ही में जिले में डेंगू के कई मामले सामने आए हैं। इसी को देखते हुए अग्निमित्रा पॉल ने लोगों को सचेत और जागरूक करने के लिए यह रैली निकाली।

इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अब तक डेंगू के 44 मामले सामने आ चुके हैं। ऐसी स्थिति में हम लोगों को जागरूक कर रहे हैं और उन्हें यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि वो कैसे अपने स्वास्थ्य की देखभाल कर सकते हैं। कैसे अपने साथ-अपने परिवार को भी एक सुरक्षित माहौल दे सकते हैं। हम चाहते हैं कि डेंगू के मामले शून्य पर रहे।

उन्होंने कहा कि हम लोगों को जागरूक कर रहे हैं। यह रैली ढाई से तीन किलोमीटर तक निकाली जा रही है। हम लोगों के प्रति जवाबदेही हैं। कड़ी धूप में भी हम लोगों को जागरूक करने के मकसद से यह रैली निकाल रहे हैं। हम जनता से प्यार करते हैं, क्योंकि इन्हीं लोगों ने हमें सत्ता तक पहुंचाया है। ऐसी स्थिति में हम कभी नहीं चाहेंगे कि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत हो। इसी को देखते हुए हम यह रैली निकाल रहे हैं। हम जनता से प्यार करते हैं। उनके हितों के बारे में सोचते हैं। उनका हित हमारे लिए सर्वोपरि है।

उन्होंने आगे कहा कि हम सिर्फ आसनसोल के बारे में नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल के बारे में सोच रहे हैं। हमारा मकसद पूरे पश्चिम बंगाल को डेंगू मुक्त करना है और इस दिशा में हम पूरी रूपरेखा निर्धारित कर चुके हैं। अब हम उसे बहुत जल्द ही जमीन पर उतारने की दिशा में काम कर रहे हैं। हम इस काम को कर सकते हैं। अगर हम इस काम को सामूहिक रूप से करें, तो निश्चित तौर पर हमें सफलता मिलेगी। हम जगह-जगह लोगों को सफाई करने के लिए भी जागरूक कर रहे हैं। हम लोगों के बीच में कूड़ेदान भी वितरित कर रहे हैं। जिन्हें अभी तक यह नहीं मिला है, वो हमसे संपर्क कर सकते हैं। हम उन्हें मुहैया कराएंगे।

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि अगर जिले में आसपास कोई जमीन खाली है, तो उसे साफ रखना हमारी जिम्मेदारी बनती है। आमतौर पर ऐसी बहुत सारी जमीन हैं, जहां पर घर नहीं बने हैं। ऐसी स्थिति में उस खाली जमीन की सफाई रखना हमारी जिम्मेदारी बनती है। इस दिशा में हमें पूरी गंभीरता से काम करा होगा।

इसके अलावा, अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ दर्ज गैर-जमानती मामले पर डायमंड हार्बर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तलब किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोई अगर खुद को संविधान के ऊपर सोचेगा , तो वह गलत है। 14 सालों तक जिस तरह से टीएमसी ने सरकार चलाई है, वो गलत है। इसी को देखते हुए गैर जमानती मामले में तलब किया गया है। भारतीय न्याय संहिता से ऊपर कोई नहीं है। ना ही हम हैं और ना ही महुआ मोइत्रा। अगर कोई गलती करेगा, तो उसे सजा जरूर मिलेगी।