नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने तिरुमाला में तीर्थयात्रियों के अनुभव को बदलने के लिए ‘वेंकटाद्री’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इसके तहत एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 150 से ज्यादा सेवाएं दी गई है। टीटीडी के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी चौधरी वेंकैया ने बताया कि ऐप के जरिए किस तरह की सुविधाएं लोगों को मिलेंगी।
इस संबंध में एडिशनल ईओ चौधरी वेंकैया चौधरी ने कहा, “आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने रविवार को एक नया ऐप लॉन्च किया, जिसका नाम वेंकटाद्री ऐप है। यह मंदिर एडमिनिस्ट्रेशन में अपनी तरह का अकेला ऐप है। कोई भी मंदिर प्रशासन इतना बड़ा ऐप नहीं लाया है। पूरे टीटीडी एडमिनिस्ट्रेशन ने एनआरआई की मदद से तीर्थयात्रियों को बेहतर सर्विस देने के लिए इस ऐप पर काम किया।”
उन्होंने कहा कि आप तेलुगु कहावत, मानव सेवये माधव सेवा, अच्छी तरह जानते हैं। पूरा एडमिनिस्ट्रेशन अब तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए समर्पित है। यह ऐप जिसे हम ‘मनसा वाचा’ कहते हैं, हम सभी की भागीदारी से बनाया गया है। इसमें सर्विस की मैपिंग से लेकर उन्हें एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने तक हर तरह से शामिल किया गया है। नतीजतन यह एक बड़ा ऐप बनकर उभरा है।
चौधरी वेंकैया ने कहा कि इस ऐप पर लॉगिन करने के लिए केवल मोबाइल नंबर की जरूरत होती है। इसके बाद आप ऐप पर मिलने वाली सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे। फिलहाल 200 से ज्यादा जगहों के लिए ये सुविधा उपलब्ध है। आगे चलकर हम अन्य कई जगहों को इसमें शामिल करने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि जब श्रद्धालु यहां आते हैं, तो हमने इसके बारे में अध्ययन किया है कि उनके लिए क्या-क्या महत्वपूर्ण जरूरते हैं। रूम लेने से लेकर अन्नदान केंद्र तक हमने इन चीजों को शामिल किया है। हमने 43 अन्नादान केंद्र को शामिल किया है। कभी-कभी बच्चे और बुजुर्गों को रेस्टरूम और शौचालय की जरूरत होती है, उनके लिए भी हमने सार्वजनिक शौचायल की सेवा भी शामिल की है। प्राइमरी हेल्थ सेंटर, चप्पल स्टेशन, 83 जल प्रसाद टैप और पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन में 23 बस अड्डों की जानकारी भी शामिल की गई है।
उन्होंने कहा कि ऐप में हमने लगभग सभी महत्वपूर्ण जगहों और सेवाओं को जोड़ा है। इसका परिणाम यह होगा कि कोई भी सामान्य इंसान किसी अन्य व्यक्ति की वजह से ठगी या परेशानी का शिकार नहीं होगा। ऐप के जरिए वर्चुएल एजेंट मदद करेगा। वर्चुअल एजेंट आपसे सवाल पूछेगा कि आपको किसी चीज की जरूरत है। आप क्या चाहते हैं, किस वाहन से जा रहे हैं, फिर इसके आधार पर वो आपको सबसे बेहतर विकल्प बताएगा।
