मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर रामगोपाल वर्मा ने फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने रणबीर, यश और अनुपम खेर के जटायु वाले सीन की जमकर सराहना की। साथ ही, फिल्म की आलोचना करने वालों पर भी तंज कसा।
फिल्ममेकर रामगोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को भक्ति की शक्ति बताया। वर्मा ने अपने पोस्ट में लिखा, “फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ कोई भक्ति फिल्म नहीं है बल्कि यह भक्ति की शक्ति है। हीरो कोई नीले रंग का भगवान नहीं है जो कहानी में ऊपर से दिख रहे हैं। वह एक ऐसे इंसान हैं, जिसने दुनिया का अंत पहले ही देख लिया था और फिर भी जानबूझकर उसी की तरफ चले । यह किसी राज्य का उदय नहीं है बल्कि यह ऐसे मन का उदय है, जो कमजोरी को चुनौती देता है। हर फ्रेम में उस इंसान का वजन है जिसने पुराने नियमों को जला दिया है और अब सिर्फ ताकत के हिसाब से चल रहा है। इसमें हिंसा दिखावा नहीं है। यह नतीजों की सच्चाई है।”
उन्होंने लिखा, “इसमें हिंसा नतीजों की सच्चाई है और जो चीज इसे बाकी फिल्मों से अलग करती है। यह फिल्म खुद को समझाती नहीं है और इसलिए यह अब तक आई हर फिल्म से ज्यादा असर करती है।”
वर्मा का मानना है कि फिल्म देखने के बाद दर्शक एक ऐसा अनुभव महसूस करके निकलते है, जो शब्दों से परे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए लिखा, “सीता के अपहरण के बाद वाले सीन में, जब रणबीर खाली आश्रम में खड़ा होता है और बस उस जगह को देखता है जहां सीता थी, कैमरा इतनी देर तक टिका रहता है कि दिख जाता है कि दुख अब हिसाब-किताब में बदल चुका है। यश विरोधी का किरदार नहीं निभाता।”
आरजीवी ने यश के रोल को समझाते हुए लिखा, “यश रावण के दिमाग का किरदार निभाता है, जिसने पहले ही मान लिया है कि उसने जिसे खत्म करने का फैसला किया है, उसे खत्म करेगा। आखिरी रात से पहले वाले आमने-सामने के सीन में, जब वह बिना सेना के खुले मैदान में राम से बात करता है, तो वह अपनी आवाज नहीं उठाता बल्कि वह उसकी कीमत बताता है।”
अनुपम खेर के जटायु वाले किरदार के बारे में बात करते हुए उन्होंने लिखा, “अनुपम खेर पुष्पक विमान को रोकने वाले सीन में जटायु का किरदार सिर्फ वफादारी नहीं निभाता। उस सीन में उसके पंख आधे टूटे हुए, खून से लथपथ, फिर भी वह आगे बढ़ता रहता है क्योंकि दिमाग ने अभी तक वो नहीं माना है जो शरीर उसे बता रहा है। जब वह गिरता है, तो कैमरा उसके चेहरे पर ही टिका रहता है। कोई चीख नहीं है। सिर्फ आखिरी बहस है, जो पंख रुकने के बाद भी आंखों के पीछे चलती रहती है। यह बलिदान नहीं है।”
उन्होंने आखिरी में लिखा, “यह एक ऐसे इंसान की कहानी है, जिसने समझ लिया है कि अब बस एक ही नियम बचा है, जब तक हो सके चलते रहो। कुल मिलाकर मैं इस महान फिल्म को बनाने में साथ देने वाले सभी महान लोगों से यही कहना चाहता हूं कि इस फिल्म की नकारात्मक आलोचना करने वालों को ज्यादा गंभीरता से न लें क्योंकि आप सबने इस शानदार, अद्भुत फिल्म को बनाने में बड़ी मेहनत की है।”
