देशहित में प्रधानमंत्री मोदी की अपील जरूरी, 140 करोड़ भारतीय पीएम के साथ: संजय सेठ

0
5

रांची, 11 मार्च (आईएएनएस)। उर्जा संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह अपील केवल एक सामान्य सलाह नहीं, बल्कि देशहित में लिया गया एक आवश्यक कदम है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में संजय सेठ ने सोमवार को कहा कि वर्तमान समय में मिडिल ईस्ट की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। वहां चल रहे तनाव का सीधा असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है। भारत जैसे देश, जहां तेल के पर्याप्त प्राकृतिक संसाधन नहीं हैं, को अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए ईंधन बचत और संयम की अपील बेहद जरूरी हो जाती है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश ने पहले भी कठिन परिस्थितियों में एकजुटता दिखाई है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके समय में लोगों ने एक दिन का उपवास रखने की अपील को अपनाया था। इसी तरह बांग्लादेश युद्ध के दौरान लगाए गए टैक्स को भी देशवासियों ने स्वीकार किया। कोविड-19 महामारी के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी की अपीलों का जनता ने पूरा समर्थन किया। संजय सेठ ने कहा कि आज भी देशहित में राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर निर्णय लेने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों को नियंत्रित रखा गया है। दुनिया के कई देशों की तुलना में भारत में ईंधन सस्ता है। सरकार ने आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं डाला है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की है।

संजय सेठ ने आगे कहा कि वह स्वयं इन सुझावों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब हम रांची में रहते हैं तो कोशिश करते हैं कि मोटरसाइकिल या अन्य साधनों का सीमित उपयोग करें और जहां मेट्रो सुविधा उपलब्ध है, वहां मेट्रो से ही सफर करें। दिल्ली में भी हम एयरपोर्ट तक जाने के लिए मेट्रो का उपयोग करते हैं।

सोने की खरीदारी को लेकर प्रधानमंत्री की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सेठ ने कहा कि लोगों से एक वर्ष तक अनावश्यक सोना खरीदने से बचने की बात कही गई है। इसके साथ ही ईंधन की बचत और विदेश यात्राओं में कमी जैसे कदम भी सुझाए गए हैं, जो पूरी तरह से देशहित में हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब भी देश के लिए कोई अपील करते हैं, तो 140 करोड़ भारतीय उसे गंभीरता से लेते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भी जनता पीएम मोदी का पूरा साथ देगी।