Friday, June 12, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय 15 जून को सजेगा बाबा नीब करोली का दरबार, तैयारियों को दिया...

15 जून को सजेगा बाबा नीब करोली का दरबार, तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप

0
2

नैनिताल, 11 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में हर साल 15 जून को बाबा नीब करोली महाराज के आश्रम का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस पावन अवसर पर मेले और भंडारे का आयोजन होता है।

15 जून को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। वहीं, कैंची धाम मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कैंची धाम ट्रस्ट के सचिव आलोक चोपड़ा ने मेले की व्यवस्थाओं और इस वार्षिक धार्मिक आयोजन के महत्व पर जानकारियां दी।

समिति के सचिव आलोक चोपड़ा ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि मंदिर के पास दर्शनार्थियों के ध्यान और पाठ के लिए काम चल रहा है। उन्होंने बताया, “अभी तो मंदिर के पास निर्माण का काम चल रहा है और यह प्लान काफी अच्छा है। मंदिर के पास जगह नहीं है और लोगों को यहां पर बैठकर ध्यान और पाठ करने के लिए जगह नहीं मिल पाती थी। इन्हीं सब को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर के पास श्रद्धालुओं के ध्यान और पाठ करने की जगह बनाने का निर्णय लिया है, जिससे किसी को दिक्कत न हो।”

उन्होंने आगे बताया, “आप देखेंगे कि सीढ़ियां बन गई हैं और ध्यान केंद्र का काम चल रहा है। इसके असली फायदे तब पता चलेंगे, जब इसे शुरू किया जाएगा और लोग इसका इस्तेमाल करेंगे। लगभग 35-40 कारीगर आते हैं। वो इसको बनाएंगे।”

सचिव आलोक चोपड़ा ने यह भी जानकारी दी कि लगभग 14 जून की रात तक मालपुआ बनाने का कार्यक्रम चलेगा। 15 जून से कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। हमारी कोशिश रहेगी कि सभी श्रद्धालु आराम से दर्शन कर सकें और उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। हमारे जो स्वयंसेवक हैं, वे भारतीय रक्षा बल और पुलिस के अनुभवी हैं। मुख्य द्वार से लेकर अंदर तक, हमारे लोग दर्शनार्थियों की मदद करेंगे ताकि वे आराम से दर्शन कर सकें।

उन्होंने आगे कहा, “रक्षा बल, पुलिस और प्रशासन से लगातार समन्वय बनाया जा रहा है। सुरक्षा के लिए जगह-जगह जवान और कर्मचारी तैनात रहेंगे। श्रद्धालु बैरिकेड्स के बीच से व्यवस्थित तरीके से दर्शन करेंगे। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद दिया जाएगा। इसके लिए स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात रहेगी। गर्मी को देखते हुए पानी और जूस की भी व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं।”