अयोध्या, 31 अगस्त (आईएएनएस)। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक 2 सितंबर 2026 को होने जा रही है। बैठक में ट्रस्ट से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। ट्रस्ट के सदस्य दिनेन्द्र दास ने इस विषय में जानकारी देते हुए आईएएनएस से खास बातचीत की।
दिनेन्द्र दास ने कहा, “2 सितंबर को होने वाली बैठक में ट्रस्ट के सभी सदस्य शामिल होंगे और मंदिर से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से निर्णय लिया जाएगा। बैठक दोपहर 2 से 3 बजे के बीच होने की जानकारी दी गई है। इसके बाद भी कुछ विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार किया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, मंदिर की व्यवस्था को और अधिक पेशेवर और पारदर्शी बनाने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर फैसला हो सकता है। इसके अलावा ट्रस्ट के नए प्रवक्ता को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। दान और चढ़ावे की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।
ट्रस्ट में चंपत राय को शामिल किए जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय भगवान राम की इच्छा के अनुसार ही होगा। उन्होंने इस मामले में अपनी व्यक्तिगत राय देने से बचते हुए कहा कि ट्रस्ट के सदस्य आपस में विचार-विमर्श कर निर्णय लेंगे। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि वह पहले से ही कह रहे थे कि चंपत राय निर्दोष हैं। वो रामलला के घर में चढ़ावा चोरी जैसा पाप नहीं कर सकते। अब एसआईटी द्वारा उन्हें क्लीनचिट भी मिल गई है।
राम मंदिर में पूजा-पाठ को लेकर दिनेन्द्र दास ने कहा कि जो परंपराएं पहले से चली आ रही हैं, उन्हीं के अनुसार पूजा-अर्चना की जा रही है। समय के साथ व्यवस्थाओं में अपने आप सुधार हो रहा है और आगे भी पूजा-पाठ की व्यवस्था ठीक तरह से चलती रहेगी।
उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले की तुलना में अब रामलला के दर्शन और पूजा-पाठ की व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। पांच साल पहले जहां श्रद्धालुओं को दर्शन करने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। मंदिर में किसी तरह की समस्या नहीं है और व्यवस्थाओं में लगातार सुधार हो रहा है।
