बीजिंग, 28 मई (आईएएनएस)। चीन को निर्यात किए जाने वाले अफ्रीकी कृषि उत्पादों के लिए यह एक और बड़ा लाभ और महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। चीनी सीमा शुल्क प्रशासन की हालिया घोषणा के अनुसार, 20 जुलाई 2026 से चीन के साथ राजनयिक संबंध रखने वाले 53 अफ्रीकी देशों की कॉफी बीन्स को निर्धारित शर्तों के तहत चीन निर्यात करने की अनुमति दी जाएगी।
27 मई को चीनी सीमा शुल्क प्रशासन के पशु एवं पौधे संगरोध विभाग के प्रमुख ने बताया कि सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करते हुए, चीन अफ्रीकी कृषि और खाद्य उत्पादों के लिए संगरोध प्रक्रिया को और तेज कर रहा है। उन्होंने कहा कि सूखी मिर्च के बाद, कॉफी बीन्स दूसरा ऐसा अफ्रीकी कृषि उत्पाद बन गया है, जिसे चीन के साथ राजनयिक संबंध रखने वाले अफ्रीकी देशों के लिए पूर्ण संगरोध प्रक्रिया की मंजूरी मिली है।
कॉफी बीन्स न केवल अफ्रीका का एक प्रमुख कृषि उत्पाद है, बल्कि कई अफ्रीकी देशों की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार भी है। अधिकारी के अनुसार, फिलहाल इथियोपिया और बुरुंडी की कॉफी बीन्स को संगरोध अनुमति मिल चुकी है। वहीं, मॉरीशस, अंगोला, टोगो, गिनी, लाइबेरिया और साओ टोमे एवं प्रिंसिपे ने भी चीन को कॉफी बीन्स निर्यात करने के लिए आवेदन किया है।
अधिकारी ने बताया कि संबंधित कानूनों, नियमों और अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर चीनी सीमा शुल्क प्रशासन ने अफ्रीकी देशों में कॉफी बीन्स की खेती, उत्पादन और प्रसंस्करण व्यवस्था का व्यापक मूल्यांकन किया। जांच में पाया गया कि अधिकांश अफ्रीकी देशों में कॉफी बीन्स के लिए कीट एवं रोग नियंत्रण उपाय और जोखिम प्रबंधन प्रणाली काफी हद तक समान हैं।
इसी आधार पर चीन ने एकीकृत आयात पादप संगरोध मानक तैयार किए हैं। इनमें खेती वाले क्षेत्रों का प्रबंधन, प्रसंस्करण इकाइयों का पंजीकरण, निर्यात निरीक्षण एवं संगरोध, और संगरोध प्रमाण पत्र जारी करने जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इसका मतलब है कि चीन के साथ राजनयिक संबंध रखने वाले अफ्रीकी देश, आवश्यक मानकों को पूरा करने पर, अपनी कॉफी बीन्स चीन को निर्यात कर सकेंगे।
अधिकारी ने यह भी कहा कि चीनी सीमा शुल्क प्रशासन आगे भी उन्नत “ग्रीन चैनल” सुविधा उपाय लागू करता रहेगा, ताकि अधिक सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले अफ्रीकी कृषि एवं खाद्य उत्पाद चीन के बाजार में पहुंच सकें। इससे अफ्रीकी देशों के साथ विकास के अवसर साझा करने के साथ-साथ चीनी उपभोक्ताओं को भी अधिक विविध और बेहतर विकल्प मिल सकेंगे।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

