Monday, July 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय 2027 चुनाव से पहले भाजपा ने प्रतीकों के जरिए शुरू की नई...

2027 चुनाव से पहले भाजपा ने प्रतीकों के जरिए शुरू की नई सोशल इंजीनियरिंग

0
4

लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रतीक अक्सर चुनावी संदेशों से कहीं अधिक प्रभाव छोड़ते हैं। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने भी अपने प्रतीकों के दायरे का विस्तार करती हुई दिखाई दे रही है। राम, भगवा और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के साथ अब भगवान बुद्ध भी पार्टी के सार्वजनिक राजनीतिक विमर्श के केंद्र में नजर आने लगे हैं।

रविवार को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा भगवान बुद्ध की प्रतिमा और बौद्ध धम्म के पंचरंगी अंगवस्त्र भेंट किए जाने को राजनीतिक विश्लेषक महज औपचारिक सम्मान के रूप में नहीं देख रहे है। यह दलित, नवबौद्ध और गैर-यादव पिछड़े वर्गों तक भाजपा के सामाजिक विस्तार की नई रणनीति के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनाव विकास और घोषणाओं के साथ-साथ प्रतीकों और सामाजिक संदेशों पर भी लड़े जाते हैं। भाजपा लंबे समय से भगवान राम, काशी, अयोध्या, मथुरा, सनातन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रतीकों के माध्यम से अपना वैचारिक आधार मजबूत करती रही है।

पिछले एक दशक में पार्टी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, निषादराज, महाराजा सुहेलदेव, बिरसा मुंडा और अन्य सामाजिक महापुरुषों को भी अपने राजनीतिक विमर्श का प्रमुख हिस्सा बनाया है। अब भगवान बुद्ध के प्रतीकों की बढ़ती उपस्थिति को उसी सामाजिक विस्तार की अगली कड़ी माना जा रहा है।

लखनऊ में केशव प्रसाद मौर्य के यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा के शीर्ष नेताओं को भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की गई। साथ ही उनके गले में बौद्ध धम्म के पंचरंगी अंगवस्त्र भी दिखाई दिए। यह राजनीतिक घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब समाजवादी पार्टी ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के जरिए अपने सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की कोशिश कर रही है और भाजपा भी अपने व्यापक सामाजिक गठबंधन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि लखनऊ स्थित सरकारी आवास, सात कालिदास मार्ग पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी एल संतोष, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस आत्मीय भेंट के दौरान सभी को मानवता के पथप्रदर्शक तथागत भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमाएं सप्रेम भेंट की। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में आज भारत भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और मानवीय मूल्यों के संदेश को वैश्विक जनकल्याण का आधार बनाते हुए पूरी दुनिया को नई दिशा प्रदान कर रहा है।