डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप की घोषणा, 21 अप्रैल से नूह में शुरुआत

0
7

नूह, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) ने सोमवार को डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप की घोषणा की। यह टूर्नामेंट 21 से 24 अप्रैल तक हरियाणा के नूह में क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेला जाएगा। टूर्नामेंट की इनामी राशि एक करोड़ रुपए रखी गई है।

टूर्नामेंट में कुल 130 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस इवेंट में भारत के जाने-माने पेशेवर खिलाड़ी वीर अहलावत, ओम प्रकाश चौहान, और मनु गंडास (सभी पहले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन रह चुके हैं) के साथ-साथ सप्तक तलवार (2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट लीडर), खलिन जोशी, और हनी बैसोया (दोनों इस सीजन में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के विजेता रहे हैं), और अंगद चीमा (पिछले साल डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के दो बार के विजेता) शामिल हैं।

श्रीलंका के एन थंगाराजा (पिछले साल डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के तीन बार के विजेता) इस टूर्नामेंट में सबसे बड़े विदेशी नाम होंगे। वीर अहलावत और मनु गंडास के अलावा, गुरुग्राम और नूह के होस्ट रीजन को ध्रुव श्योराण और तपेंद्र घई (दोनों डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के विजेता) के साथ-साथ मनीष ठाकरान और शिवेंद्र सिंह सिसोदिया (दोनों डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन के विजेता) और कुशल सिंह, मानव बैस और सौरव राठी जैसे जाने-माने नाम इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।

इससे पहले, शुभंकर शर्मा ने हैदराबाद के बोल्डर हिल्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले गए पहले 1 करोड़ के बोल्डर्स क्लासिक में फाइव-अंडर 67 का कार्ड बनाकर अपना सातवां डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टाइटल जीता।

चंडीगढ़ के 29 साल के इस गोल्फ खिलाड़ी ने इस हफ्ते शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे टूर्नामेंट पर अपना दबदबा बना लिया। उन्होंने कुल 25-अंडर 263 का स्कोर बनाया (66-66-64-67), जो बाकी सभी खिलाड़ियों से 8 शॉट बेहतर था। उनका यह स्कोर डीपी वर्ल्ड टूर और पीजीटीआई पर अब तक का सबसे कम कुल स्कोर बन गया है, यानी उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बना दिया है।

इस जीत के साथ उन्हें 15 लाख रुपए का इनाम मिला। खास बात यह है कि यह उनकी लंबे समय बाद पहली बड़ी जीत है। इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2017 में कोलकाता में मैकलियोड रसेल टूर चैंपियनशिप जीती थी। इसके बाद करीब आठ साल के लंबे इंतजार के बाद उन्होंने एक बार फिर प्रोफेशनल टाइटल अपने नाम किया।

शुभंकर के लिए पिछली अंतरराष्ट्रीय जीत फरवरी 2018 में आई थी, जब उन्होंने मेबैंक चैंपियनशिप में जीत हासिल की थी, जो डीपी वर्ल्ड टूर और एशियन टूर का हिस्सा था।