27 साल बाद लिया बदला: मुंबई गैंगस्टर के भतीजे ने मुखबिर की हत्या की, नागपुर से गिरफ्तार

0
7

मुंबई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई में 27 साल पुराने एनकाउंटर का बदला लेने के लिए एक युवक ने कथित मुखबिर की बेरहमी से हत्या कर दी। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में मुख्य आरोपी और उसके साथी को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 1999 में एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर शादिक कालिया के भतीजे शादिक जावर ने अपने चाचा की मौत का बदला लेने के लिए 78 वर्षीय इकबाल इब्राहिम सेलिया की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि इकबाल सेलिया ने उस समय एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक की टीम को सूचना दी थी, जिसके कारण शादिक कालिया मारा गया था।

20 अप्रैल की शाम नागपाड़ा इलाके में सेलिया के घर में हमला किया गया। उस समय घर में सिर्फ बुजुर्ग इकबाल अकेले थे। दो हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर 20 से ज्यादा वार किए और उनकी निर्मम हत्या कर दी। जब परिवार के अन्य सदस्य घर लौटे तो उन्हें खून से लथपथ शव मिला।

हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी गतिविधियों का पता लगाया। जांच में पता चला कि हमला करने के बाद आरोपी अंटोप हिल, विद्याविहार होते हुए कल्याण पहुंचे और फिर नागपुर भाग गए।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने तकनीकी सबूतों के आधार पर तेज कार्रवाई करते हुए 29 वर्षीय शादिक जावर और उसके 22 वर्षीय साथी नौशाद मिथानी को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शादिक कालिया 1990 के दशक में कालाचौकी इलाके में फुटपाथ पर जूते बेचा करता था। बाद में वह अंडरवर्ल्ड से जुड़ गया और छोटा शकील गैंग का सदस्य बन गया। नवंबर 1999 में एक बड़े नेता की हत्या की साजिश के दौरान दया नायक की टीम ने उसे एनकाउंटर में मार गिराया था। उस समय शादिक जावर महज दो साल का था। बड़े होने के बाद उसने चाचा की मौत का बदला लेने की ठान ली।

पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है कि कहीं कोई और साजिश तो नहीं थी। दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए मुंबई लाया जा रहा है।