मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता जैकी श्रॉफ की एक्शन फिल्म ‘राम शास्त्र’ ने अपनी रिलीज के 31 साल पूरे कर लिए हैं। मंगलवार को अभिनेता ने फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों को फिर से दोहराया।
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म की कुछ क्लिप शेयर की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “फिल्म ‘राम शास्त्र’ के 31 साल पूरे होने का जश्न।”
संजय गुप्ता द्वारा निर्देशित फिल्म में जैकी श्रॉफ, मनीषा कोइराला, आदित्य पंचोली, अनुपम खेर, दीप्ति भटनागर, मुकेश ऋषि, जॉनी लीवर और दारा सिंह मुख्य भूमिकाओं में थे।
यह फिल्म हॉलीवुड की 1990 की फिल्म ‘हार्ड टू किल’ से प्रेरित थी।
फिल्म की कहानी राम सिन्हा (जैकी श्रॉफ) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक बेरोजगार युवक है। वह एक खतरनाक क्रिमिनल डॉन ‘धोंगा’ (अनुपम खेर / मुकेश ऋषि) के हमले से पुलिस कमिश्नर (दारा सिंह) की जान बचाता है। इस बहादुरी के चलते उसे पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर की नौकरी मिल जाती है।
इस घटना के दौरान धोंगा के छोटे भाई की मौत हो जाती है और धोंगा को 5 साल की सजा हो जाती है। धोंगा जेल जाने से पहले राम से बदला लेने की कसम खाता है। इंस्पेक्टर बनने के बाद राम की मुलाकात अंजलि (मनीषा कोइराला) से होती है, जो उसके साथी इंस्पेक्टर कवि (आदित्य पंचोली) की बहन होती है। राम और अंजलि शादी कर लेते हैं और उनका एक बेटा होता है।
5 साल की सजा काटकर लौटने के बाद धोंगा राम और उसके परिवार पर जुल्म ढाता है, और भ्रष्टाचार के झूठे आरोपों में राम को फंसाकर जेल भिजवा दिया जाता है। इसके बाद राम न्याय और अपने परिवार की मौत का बदला लेने के लिए खुद ‘राम शास्त्र’ बनकर मैदान में उतरता है।
फिल्म में जैकी श्रॉफ के एक्शन और अनु मलिक के संगीत को पसंद किया गया था, लेकिन यह दर्शकों को सिनेमाघरों में खींचने में नाकाम रही और लागत के मुकाबले कम कमाई कर सकी। उन दिनों इसके गाने भी काफी लोकप्रिय हुए थे, जिनमें ‘तुझे मांगा था, तुझे पाया है’ और ‘तेरा चेहरा ना देखूं अगर’ जैसे गाने शामिल हैं।
