Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘5 साल में एक लाख युवाओं के लिए खेल सुविधाएं बनाने का...

‘5 साल में एक लाख युवाओं के लिए खेल सुविधाएं बनाने का संकल्प’, जन्मदिन पर बोले नितिन गडकरी

0
5

नागपुर, 27 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 27 मई को 68 साल के हो गए हैं। इस मौके पर उन्हें देश के प्रधानमंत्री से लेकर तमाम नेताओं और शुभचिंतकों ने बधाई दी है। वहीं नितिन गडकरी का कहना है कि जो उम्र मिली है, उसमें समाज और गरीब व्यक्तियों के लिए कुछ करने की प्रेरणा उन्हें लोगों से मिलती रहती है। लोगों का प्रेम और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान नितिन गडकरी ने कहा कि वह नागपुर लोकसभा के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने संकल्प लिया है कि पांच साल के अंदर एक लाख युवाओं के खेलने के लिए सुविधाएं मुहैया कराएंगे। खेल और संस्कृति से ही भविष्य की पीढ़ी का निर्माण होता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत के लोगों के लिए जैविक खेती जैसे तमाम कामों में सहयोग करेंगे, जिससे किसानों को आत्महत्या न करनी पड़े। गांव समृद्ध और संपन्न बनें, इसके लिए प्रयास किया जाएगा। जब तक ताकत रहेगी, तब तक वह उनके लिए काम करने की कोशिश करेंगे।

नितिन गडकरी ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों, गैर सरकारी संगठनों और संस्थाओं के साथ मिलकर उन्होंने नागपुर में 25 लाख पेड़ लगाने का संकल्प लिया है। पौधे तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें बांटने की प्रक्रिया चल रही है। पर्यावरण को शुद्ध रखना बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कैंसर के मरीजों को लगने वाला इंजेक्शन बहुत महंगा है। उन्होंने विचार किया है कि क्यों न बाहर से आयात करने के बाद इन्हें आधे से भी कम कीमत पर उपलब्ध कराया जाए।

तेल की कीमतों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि नागपुर नगर निगम ने एक प्लांट तैयार किया है, जहां कचरे से रोजाना 28 टन सीएनजी तैयार की जाएगी। जून में इसका उद्घाटन हो सकता है। अगर पूरे देश के कचरे का इसी तरह उपयोग किया जाए तो हजारों टन सीएनजी देश में ही तैयार हो सकती है, जिससे समस्याएं कम हो सकती हैं।

नितिन गडकरी ने यह भी कहा कि पूरी तरह से इथेनॉल पर चलने वाली गाड़ियां भी बाजार में आ रही हैं। हाइड्रोजन भविष्य का ईंधन है, इस पर भी काम चल रहा है। हमें आत्मनिर्भर बनना चाहिए।

जन्मदिन को लेकर उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, बाबा रामदेव समेत तमाम लोगों की शुभकामनाएं उन्हें मिल चुकी हैं।